
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पुलावामा में हुए आतंकी हमले के बाद देश में काफी तनाव है। घाटी में लगातार सेना की ओर से कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मंगलवार को सुरक्षाबलों की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई है। जिसमें अब तक सेना की ओर से जो कार्रवाई की गई है उसकी जानकारी दी गई है। साथ ही सेना ने पत्थरबाजों को फाइनल चेतावनी दे दी है।
पत्थरबाजों को फाइनल चेतावनी
चिनार कॉर्प्स के लेफ्टिनेंट जनरल केजीएस ढिल्लन ने कहा कि हम लोग पिछले काफी समय से जैश ए मोहम्मद के आतंकियों पर नजर बनाए हुए थे। जैश के आतंकियों ने ही पुलवामा में आतंकी हमला किया था। हमने पुलवामा हमले के 100 घंटे के अंदर घाटी में मौजूद जैश की लीडरशिप को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि घाटी के पत्थरबाजों को भी फाइनल चेतावनी दे दी गई है। पत्थरबाजों से कहा गया है कि वो एनकाउंटर की जगह पर नहीं पहुंचे, अन्यथा परिणाम बहुत बुरा होगा।
सेना का बड़ा ऐलान
सेना की ओर से कहा गया है कि घाटी में लगातार कार्रवाई जारी है। साथ ही जिन लोगों ने बंदूक उठा लिया है, उन्हें तुरंत समर्पण करने के लिए कहा गया है। परिवार वालों से भी कहा गया है कि वो अपने आतंकी बच्चों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहे नहीं तो परिणाम बहुत बुरा होगा। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से घाटी में माहौल काफी तनावपूर्ण है और पूरे देश में इस आतंकी हमले से हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना यह है कि भारतीय सेना आगे किस तरह की कार्रवाई करती है।