विविध भारत

एनआरसी पर चौंकाने वाला खुलासा, ड्राफ्ट से बाहर हुए लोगों के लिए यहां बन रहा शेल्टर होम

खुफिया जानकारी में एनआरी के बारे में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 4 Aug 2018, 1:13 PM IST
nrc
एनआरसी पर चौंकाने वाला खुलासा, ड्राफ्ट से बाहर हुए लोगों के लिए यहां बन रहा शेल्टर होम

नई दिल्ली। एनआरसी ड्राफ्ट में जिन लोगों को बाहर किया गया है, उन्हें अब पश्चिम बंगाल में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू हो गई है। खुफिया जानकारी में कहा गया है कि असम में रह रहे ऐसे लोग, जिनके पास किसी भी तरह का कोई दस्तावेज नहीं है, उनके लिए पश्चिम बंगाल में शेल्टर होम बन रहा है। राज्य की सीमा के साथ लगते जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष इंतजाम करने की हिदायत दी गई है। पश्चिम बंगाल, मिजोरम व त्रिपुरा की सरकारों के अलावा खुफिया एजेंसियों से भी यही इनपुट मिल रहा है।

तीन हजार लोग निकल चुके हैं असम बाहर

खुफिया जानकारी के मुताबिक, पिछले तीन दिन में साढ़े तीन हजार लोग असम से निकल चुके हैं। गौरतलब है कि एनआरसी की सूची में चालीस लाख लोगों का नाम नहीं हैं। इनमें बहुत से लोगों के पास राज्य सरकार द्वारा जारी कुछ दस्तावेज तो हैं, लेकिन वे एनआरसी के रिकॉर्ड में नहीं हैं। इतना ही नहीं बहुत बड़ी तादाद ऐसे लोगों की भी है, जिनके पास अभी तक कोई सरकारी दस्तावेज ही नहीं है। वे असम से निकलना शुरू हो गए हैं। गृह मंत्रालय में उत्तरपूर्व के राज्यों के जानकार एक बड़े अधिकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल, मिजोरम और त्रिपुरा इन प्रवासियों की पहली पसंद है। वजह, इन राज्यों की सीमा के साथ लगते क्षेत्रों में बांग्लादेश के लोगों की बड़ी तादाद है। असम से आने वाले लोग खुद को यहां सुरक्षित महसूस करेंगे और साथ ही उन्हें कोई काम धंधा शुरू करने में थोड़ी बहुत मदद मिल जाएगी।

बनाया जा रहा है शेल्टर होम

अधिकारी का यह भी कहना है कि ऐसे लोगों को कुछ समय बाद फिर से एनआरसी सूची का सामना करना पड़ेगा। चूंकि अभी इन लोगों को सुरक्षित शेल्टर पश्चिम बंगाल ही नजर आ रहा है, इसलिए वे यहीं का रुख कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई के राष्ट्रीय सचिव सौरभ सिकंदर और पश्चिम बंगाल यूथ विंग के अध्यक्ष देबजीत सरकार का कहना है, तृणमूल कांग्रेस सरकार असम से आने वाले लोगों को अपने यहां बसाने की पूरी तैयारी कर रही है। अलीपुर द्वार एक ऐसा ही इलाका है। बाढ़ पीड़ितों के लिए यहां शेल्टर लगता था। पिछले चार साल से बाढ़ नहीं आई है, इसके बावजूद इसे दोबारा से तैयार कराया जा रहा है। इसी तरह से कई और भी इलाके हैं, जहां असम से आने वालों को ठहराया जाएगा। हालांकि, इस मामले पर टीएमसी के नेताओं और सांसदों के द्वार कोई बयान नहीं आया है। लेकिन, जिस तरह से खुफिया जानकारी सामने आ रही है, वो बेहद ही चौंकाने वाली है।

Published on: