
पत्रिका ब्यूरो, देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चौथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस देहरादून में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के दौरान 55,000 लोगों को पीएम नरेंद्र मोदी के साथ सामूहिक योग में शामिल होने की उपलब्धि प्राप्त हुई। योग में युवाओं से लेकर भारी संख्या में बुजुर्ग भी शामिल हुए।
7:52 पर साधकों ने नमस्कार मुद्रा में शांति का पाठ किया और इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का समापन हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योग साधकों के पास पहुंच कर उनसे मिले। साथ ही कार्यक्रम में मौजूद अन्य लोगों से हाथ हिलाकर अभिवादन भी किया। तत्पश्चात पीएम अपने काफिले के साथ जीटीसी हैलीपैड को रवाना हो गए। इसके बाद वे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद वे दिल्ली को रवाना हुए।
7:48 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साधकों के साथ ध्यान मुद्रा का अभ्यास किया।
7:47 पर पीएम मोदी के नेतृत्व में राजधानी स्थित एफआरआई में पहली बार हजारों की संख्या में साधकों ने कपालभारती, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम किया।
7:07 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योग साधकों के बीच पहुंचे और हाथ हिलाकर सबका अभिवादन किया। इसके बाद पीएम मोदी के साथ साधकों ने तीन बार ऊँ का उच्चारण किया और कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
7:00 पर प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज विश्व का हर देश, हर नागरिक योग को अपनाने लगा है। यह हम हिंदुस्तानियों के लिए संदेश है कि हम अपनी विरासत पर गर्व करने लगे तो दुनिया में पीछे नहीं रहेंगे। हिंदुस्तान ने खुद को योग से जोड़ा तो दुनिया भी योग से जुड़ गई। पीएम ने कहा कि मैं विश्वास से कह सकता हूं कि दुनिया में योग करने वालों के आंकडे जमा किये जाएं यह तादाद काफी बड़ी मात्रा में मिलेगी। यह भारत में भी हिमालय से लेकर राजस्थान तक योग फैल गया है। जब भी परिवार में कलह बढ़ जाता है व जीवन में बढ़ता जाता है। ऐसे में योग लोगों को जोड़ने का काम करता है। योग के चलते दुनिया आज इलनेस से वेलनेस की ओर बढ़ रही है। योग लोगों को बांटने की जगह जोड़ता है। इतना ही नहीं बीमारी में आराम करता है। इसके बाद प्रधानमंत्री ने सभी से योग से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही इस आयोजन के लिए उत्तराखंड को धन्यवाद कहकार अपना संबोधन समाप्त किया।
6:50 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा कि आज जैसे-जैसे सूर्य देव अपनी यात्रा कर रहे हैं, दुनिया के हर उस हिस्से में लोग योग से सूर्य का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्व में हर जगह योग ही योग है। योग मन, शरीर, बुद्धि और आत्मा को जोड़कर जीवन में शांति की अनुभूति कराता है।
6:35 पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बेहद ही अनोखे अंदाज में पीएम मोदी का स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को गुलाब का तेल भेंट किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की तरफ से प्रधानमंत्री को धन्यवाद कहा। साथ ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की मेजबानी करने का अवसर देने का आभार प्रकट किया। इसके साथ ही पीएम मोदी के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जग के कल्याण के लिए योग मंत्र दिया, इससे 193 देशों ने इसे स्वीकार भी किया। विश्व को योग का संदेश देकर प्रधानमंत्री ने भारत को मानव कल्याण से जोड़ा है।मैं विश्वास के साथ कह रहा हूं 'अटल जी ने बनाया था और अब पीएम मोदी जी संवार रहे हैं'।
सुबह 6:30 पर पीएम मोदी एफआरआई पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान लोग उत्साह से परिपूर्ण हो गए और उन्होंने भी हवा में हाथ हिलाकर पीएम मोदी के अभिवादन का उत्तर दिया।
बृहस्पतिवार सुबह 6:15 बजे प्रधानमंत्री ने राजभवन में चंदन का पौधारोपण किया। इसके उपरांत डॉ केके पॉल ने प्रधानमंत्री को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।