विविध भारत

जम्मू कश्मीर: भारतीय सेना ने मार गिराए दो स्नाइपर्स, जैश सरगना मसूद अजहर का भतीजा भी ढेर

भारतीय सेना के जवानों को लगातार शिकार बना रहे स्नापर को भारतीय सेना ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर में त्राल में मार गिराया। इसमें जैश के सरगना और कुख्यात आतंकी मौलाना मसूद अजहर का भतीजा भी शामिल है।
2 min read
Oct 30, 2018
Masood Azhar
जम्मू कश्मीर: भारतीय सेना ने मार गिराए दो स्नाइपर्स, जैश सरगना मसूद अजहर का भतीजा भी ढेर

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में भारतीय सेना के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। मंगलवार को पुलवामा के त्राल में जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों को एनकाउंटर के दौरान ढेर कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मारे गए आतंकियों में एक पाकिस्तानी स्नाइपर था जो जैश के सरगना और कुख्यात आतंकी मौलाना मसूद अजहर का भतीजा है। हालांकि अबतक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मारे गए आतंकी के पास से अमरीका में बनी हुई एम-4 कार्बाइन राइफल बरामद हुई है।

मारे गए आतंकियों के पास मिला स्नापर राइफल

मंगलवार को त्राल के मंडूरा इलाके में सेना को कुछ आतंकियों को छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने कई टुकडियां बनाकर एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चला दिया। सेना को जैसे की आतंकियों को ठिकाने की भनक लगी दूसरी ओर से गोलियां चलने लगीं। जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई शुरु कर दी। घंटों चले एनकाउंटर के बाद सेना ने उस घर को बम से तबाह कर दिया जहां से छिपकर आतंकी सेना पर गोलियां बरसा रहे थे। इस घर से सेना को आतंकियों की लाश मिली। जिसमें से एक की शिनाख्त मौलाना मसूद अजहर के भतीजे के रुप में हुई है। इस मकान से दो एम-4 कार्बाइन राइफल भी बरामद हुई है।

सेना को पहले से था स्नाइपर अटैक का शक

बता दें कि जम्मू कश्मीर में हाल ही दिनों में सुरक्षाबलों पर हमले बढ़ते ही जा रहे हैं। सेना को शक था कि इन सभी हमलों को पीछे जैश के स्नाइपर (अचूक निशानेबाज) हैं। सोमवार को सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने भी कहा कि हमें खुफिया सूत्रों से इस तरह की रिपोर्ट मिल रही है कि कुछ लोगों को जवानों पर हमले की स्नाइपर की तरह की ट्रेनिंग दी जा रही है। सेना इस मामले के तह तक जाने के लिए गंभीरता से जांच कर रही है। सेना प्रमुख ने इसके साथ ही कहा था कि हमें अभी स्नाइपर का हथियार नहीं मिला है। इसलिए अभी कोई प्रमाण नहीं मिला है और कुछ कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन अब मंगलवार को दक्षिणी कश्मीर में मारे गए आतंकी के पास से मिले एम-4 कार्बाइन राइफल्स सेना के उस शक को पुख्ता कर रहे हैं कि आतंकी हमारे जवानों को शिकार बनाने के लिए स्नाइपर की मदद ले रहे हैं।

Updated on:
30 Oct 2018 10:59 pm
Published on:
30 Oct 2018 10:59 pm