
रांची। सवर्ण समाज को मोदी सरकार की ओर से 10 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा करने के बाद से देशभर में सियासत गर्म है। विपक्ष सरकार को आरक्षण की जगह युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर घेर रही है। देश में बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है। लेकिन इन सबके बीच झारखंड सरकार एक ऐसी घोषणा करने की तैयारी में है जो युवाओं के लिए बहुत ही कारगार सिद्ध होगा। दरअसल सरकार एक दिन में एक लाख रोजगार देने की तैयारी में है।
इस योजना पर काम कर रही है सरकार
आपको बता दें कि गुरुवार 10 जनवरी को झारखंड सरकार प्रदेश के एक लाख युवाओं को रोजगार देने की तैयारी कर रही है। इस बाबत राजधानी रांची के खेलगांव में ग्लोबल स्किल समिट का आयोजन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में सीएम रघुबर दास के साथ राज्यपाल द्रोपदी मूर्मु और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मौजूद रहेंगे। इसके अलावे इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।
17 देशों के प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा
आपको बता दें कि रघुबर सरकार की ओर से आयोजित इस समिट में 17 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस समिट के संबंध में झारखंड कौशल विकास के डायरेक्टर रवि रंजन और सीईओ अमर झा का कहना है कि 10 जनवरी को खेलगांव में ग्लोबल स्किल समिट-2019 का आयोजन होगा। यह समिट तीन चरणों में संपन्न होगा, जिसमें 12 कंपनियों के साथ एमओयू किया जाएगा। यह भी बताया गया कि दुबई में आयोजित होने वाले एक्सपो 20-20 के लिए 60 हजार ड्राइवरों की जरूरत होगी उसके लिए झारखंड में स्किल डेवल्पमेंट सेंटर खोले जाएंगे। इस तरह से झारखंड सरकार ने एक लाख युवाओं को रोजगार देने का प्लान तैयार कर लिया है।
Read the Latest India news hindi on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले India news पत्रिका डॉट कॉम पर.