विविध भारत

कर्नाटकः मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों की ओर फेंके बिस्कुट पैकेट, सीएम कुमारस्वामी ने किया भाई का बचाव

कर्नाटक के मंत्री एचडी रेवन्ना एक वीडियो वायरल होने के बाद विवादों में फंस गए हैं। वहीं, उनके भाई और राज्य के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने उनका बचाव किया है।
2 min read
• •
Updated: 21 Aug 2018, 3:04 PM IST
Karnataka CM Brother Revanna
कर्नाटकः मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों की ओर फेंके बिस्कुट, सीएम कुमारस्वामी ने किया भाई का बचाव

बेंगलुरु। कर्नाटक के मंत्री एचडी रेवन्ना एक वीडियो वायरल होने के बाद विवादों में फंस गए हैं। सोमवार को वायरल हुए वीडियो में हसन जिले में बनाए गए एक राहत शिविर में रेवन्ना बाढ़ पीड़ितों को बिस्कुट के पैकेट फेंकते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में स्पष्ट नजर आ रहा है कि लोक कल्याण मंत्री और मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के भाई रेवन्ना बिस्कुट के पैकेट उठाने के बाद राहत शिविर में शरण लेने वाले पीड़ितों की ओर फेंकते हैं। वहीं, मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने रेवन्ना का बचाव किया है।

राहत शिविर पहुंचे रेवन्ना के साथ जेडी(एस) के विधायक एटी रामास्वामी भी नजर आ रहे हैं, जो अर्कलगुडु तालुक से हैं। जैसे ही यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई और इसके बाद टीवी चैनलों पर चलती नजर आई, दर्शकों ने रेवन्ना की इस हरकत को संवेदनहीन बताया।

वरिष्ठ भाजपा नेता एस सुरेश कुमार ने रेवन्ना की इस हरकत की कड़ी निंदा करते हुए फेसबुक पोस्ट के जरिये पूछा, "डियर पब्लिक वर्क्स मिनिस्टर, बिस्कुट फेंकना (बाढ़ पीड़ितों पर) सार्वजनिक कार्य नहीं है... बिस्कुट फेंकना केवल अहंकारी और असभ्य व्यवहार है..."

वहीं, अपने भाई रेवन्ना के बचाव में आगे आए कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने कहा, "मैंने देखा कि यह मुद्दा टेलीविजन पर भी आ गया, इसे अन्यथा न लें। मैंने इसकी जांच की... तो जब वो बिस्कुट बांट रहे थे, वहां पर काफी भारी संख्या में लोग थे और हिलने-डुलने की बिल्कुल भी जगह नहीं थी।"

दूसरी तरफ रेवन्ना ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्हें गलत रूप में दिखाया गया है। उनका कहना है कि अगर उन्होंने किसी ओर से भी बिस्कुट बांटने के लिए कहा होता, तो यह मुद्दा उठता ही नहीं। मंत्री के बेटे प्रज्वल रेवन्ना ने कहा कि उनके पिता दयालु व्यक्ति हैं और वो राहत शिविर में बाढ़ पीड़ितों की मदद करना चाहते थे।

Published on: