विविध भारत

महाराष्ट्र में भूस्खलन, 36 लोगों की मौत, 30 मलबे में अभी भी फंसे हुए हैं, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जिला कलेक्टर निधि चौधरी ने जानकारी देते हुए कहा कि रायगढ़ में लैंडस्लाइड और बाढ़ के चलते 36 लोगों की मृत्यु हो गई जबकि लगभग 30 लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं।

2 min read

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में भारी बारिश के चलते हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। राज्य में रायगढ़ में भूस्खलन की चार अलग-अलग घटनाओं में 36 लोगों की मृत्यु हो गई जबकि लगभग 30 लोग अभी भी मलबे के अंदर फंसे बताए गए हैं। घटनाओं की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने 15 लोगों को बचा लिया, शेष को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

जिला कलेक्टर निधि चौधरी ने जानकारी देते हुआ कहा कि घटना में अब तक मरने वालों की कुल संख्या 36 हो गई है। इनमें से 32 की मृत्यु तलाई में तथा 4 की साखार सूत्र वाड़ी में हुई है। 30 लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार राज्य में भारी बारिश का दौर चल रहा है। बारिश के चलते कई स्थानों पर बिल्डिंग ढहने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं जिनमें कई लोगों की मृत्य भी हो गई थी।

रेल सेवाएं बाधित, रेलयात्री फंसे
राज्य में भारी बारिश और नदियों में बाढ़ के हालात के चलते कोंकण रेलवे मार्ग पर रेल सेवाओं को रोक दिया गया। नौ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है या गंतव्य से पहले रोक दिया गया है। कुछ ट्रेनों को रद्द भी किया गया है। कोंकण रेलवे के अधिकारियों के अनुसार ये सभी ट्रेन अलग-अलग स्टेशनों पर सुरक्षित स्थानों पर रोकी गई हैं और उनमें मौजूद सभी यात्री सुरक्षित हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रेल सेवाओं के बाधित होने के कारण लगभग छह हजार यात्री फंस गए हैं। कोंकण रेलवे के प्रवक्ता गिरीश करंदीकर ने जानकारी देते हुए कहा कि ट्रेनों में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें खाने-पीने का सामान मुहैया करवाया जा रहा है। उन्हें चाय, नाश्ता और पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

47 गांवों का संपर्क टूटा
महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में भारी बारिश के चलते सडकों पर पानी भर जाने से लगभग 47 गांवों का बाकी स्थानों से संपर्क टूट गया है। बाढ़ में फंसे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।

Updated on:
23 Jul 2021 02:15 pm
Published on:
23 Jul 2021 09:04 am
Also Read
View All