विविध भारत

बारामूला में पकड़े गए लश्कर के आतंकी का कबूलनामा, भारतीय फौज ने दी मुझे नई जिंदगी

लश्कर का ये आतंकी एजाज गुजरी अब अपने साथियों से अपने-अपने घर लौट आने की अपील कर रहा है। एजजा को बारामूला से गिरफ्तार किया गया था।
2 min read
• •
Updated: 10 May 2018, 1:35 PM IST
LeT terrorist

श्रीनगर। बीते बुधवार को जम्मू-कश्मीर के बारामूला में लश्कर ए तैयबा के एक आतंकी को सर्च ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार किया गया था। इस आतंकी की पहचान एजाज गुजरी के रूप में हुई है, जो हाफिज सईद से प्रभावित होकर लश्कर ए तैयबा में शामिल हो गया था। गुरुवार को एजाज गुजरी का वीडियो जारी किया गया है, जिसमें उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। एजाज ने एक बार फिर से लश्कर ए तैयबा और पाकिस्तान की नापाक साजिशों की पोल खोल कर रख दी है।

लश्कर के आतंकी ने कहा- सेना ने दी है नई जिंदगी
वीडियो में एजाज ने ये कबूल किया है कि उसकी जान सेना के एक जवान की वजह से ही बची है। उसने बताया कि गिरफ्तारी से पहले आर्मी चाहती तो उसे मार सकती थी, लेकिन उन्होंने मुझे सरेंडर करने का मौका दिया और सेना के एक जवान ने मेरी जान बचाई। एजाज ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग की थी लेकिन सेना के जवानों ने उसे गोली नहीं मारी। जवान चाहते तो उसे गोली मार सकते थे लेकिन उन्होंने उसे गिरफ्तार किया और एक बार फिर से जिंदगी जीने का मौका दिया है।

एजाज ने लश्कर में अपने साथियों से की घर लौट आने की अपील
इस कबूलनामे के साथ अब एजाज गुजरी अपने उन साथियों से आतंकवाद की राह छोड़ने की अपील कर रहा है, जो लश्कर ए तैयबा में उसके साथ थे। एजाज ने अपने साथियों से अपने-अपने घर लौट आने की अपील की है। वहीं एजाज ने ये कबूल किया है कि पाकिस्तान में बैठे हाफिज सईद जैसे आकाओं के बहकावे में आकर उसने अपनी जिंदगी खराब कर ली। हाफिज सईद के बहकावे में आकर ही सुरक्षाबलों पर उसने हमले किए। बारामूला से हथियारों के जखीरे के साथ पकड़े गए हाफिज के इस गुर्गे ने जम्मू-कश्मीर के नौजवानों से अपील की है कि वो हाफिज सईद जैसे धोखेबाजों की साजिश में न फंसे।

30 अप्रैल को बारामूला में तीन कश्मीरियों की हुई थी हत्या
आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में बुधवार को सुरक्षाबलों को तब बड़ी कामयाबी मिली जब सर्च ऑपरेशन के दौरान उन चार आतंकवादियों को पकड़ लिया गया जिन्होंने 30 अप्रैल को तीन बेगुनाह कश्मीरियों की हत्या कर दी थी। चारो दहशतगर्द लश्कर-ए-तैयबा के एक्टिव मेंबर हैं। आतंकवादियों के साथ इनका एक हैंडलर भी पकड़ा गया है जिसका नाम नदीम है लेकिन उसे ओसामा के नाम से जाना जाता था।

Published on: