
नई दिल्ली। भारत के पूर्व प्राधानमंत्री राजीव गांधी की आज 27वीं पुण्यतिथि है। उनकी पुण्यतिथि पर देश उन्हें याद कर रहा है। वहीं कई कांग्रेसी नेताओं ने वीर भूमि पहुंचकर स्वर्गीय राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की । राजीव गांधी की पत्नी सोनिया गांधी , पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह , कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी , उनकी बहन प्रियंका गांधी, बहनोई रॉबर्ट वाड्रा, सुशील कुमार शिंदे, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी वीर भूमि पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।
राहुल गांधी ने पिता को ऐसे किया याद
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने पिता की पुण्यतिथि पर ट्वीट कर उनके आदर्शों को याद किया। ट्वीट के साथ राहुल गांधी ने अपने पिता की एक फोटो भी शेयर की। उन्होने ट्वीट में लिखा, 'मेरे पिता ने मुझे सिखाया कि नफरत उन लोगों के लिए जेल है जो इसे लेकर चलते हैं। आज उनकी पुण्यतिथि पर मैं उन्हें शुक्रिया कहना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे सभी लोगों से प्रेम और सम्मान करना सिखाया। एक बेटे का अपने पिता के लिए सबसे मूल्यवान तोहफा । राजीव गांधी, हम सब आपसे प्रेम करते हैं और आप हमेशा हमारे दिल में रहेंगे'
लिट्टे ने की थी राजीव गांधी की हत्या
सोनिया गांधी के पति और राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी 1984 और 1989 के बीच भारत के प्रधानमंत्री रहे थे।अमेठी से सांसद रहे राजीव गांधी को 1991 में ही देश का सबसे बड़ा पुरस्कार भारत रत्न भी दिया गया था। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या 21 मई, 1991 को हुई थी।श्रीलंका में शांति सेना भेजने से नाराज तमिल विद्रोहियों के संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (एलटीटीई) यानी लिट्टे ने तमिलनाडु के श्रीपेरम्बदूर में राजीव पर आत्मघाती हमला किया था। एलटीटीई श्रीलंका में प्रभाकरण के नेतृत्व वाला एक आतंकवादी संगठन था।