
नई दिल्ली। कोरोना वायरस ( Coronavirus ) को लेकर कई रिपोर्टस में आशंका जताई गई थी कि इसके मामले जून में चरम पर होंगे। मई में लगातार बढ़ते आंकड़े इस बात के सच होने की प्रबल संभावना का सबूत है। कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इसके चलते पुणे कैंटोनमेंट बोर्ड ( pune cantonment board ) ने अपने कैंट में एक बार फिर सम्पूर्ण लॉकडाउन ( Lockdown ) की घोषणा की है। उसमे बारे में कैंट बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर अमित कुमार ने जानकारी दी।
22 मई तक रहेगा सम्पूर्ण लॉकडाउन
PCB ने कोविड-19 को रोकने के लिए पूर्वी पुणे के इलाके में दोबारा लॉकडाउन लगा दिया है। यह शटडाउन आज यानी मंगलवार से शुरू होकर 22 मई तक जारी रहेगा। अमित कुमार ने बताया कि यह आदेश सोमवार को जारी किया गया था। PCB प्रेसिडेंट ब्रिगेडियर कुलजीत सिंह ने एक बैठक बुलाई थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।
सिर्फ मेडिकल शॉप खोलने की इजाजत
जानकारी के मुताबिक, अब से अगले तीन दिन तक पुणे कैंट में सिर्फ मेडिकल शॉप्स खुलने की इजाजत है। इसके लिए भी सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे और शाम 5 बजे से 8 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। मेडिकल के अलावा अन्य सभी दुकानें और सेवाएं बन्द रहेंगी।
अब तक 128 मामले आये थे सामने
आपको बता दें कि PCB 11.9 किमी के एरिया में फैला हुआ है। इस इलाके में कैम्प, वनावड़ी, रेस कोर्स और शॉपिंग के स्थान महात्मा गांधी रोड और ईस्ट रोड आते हैं। इन जगहों से 18 मई तक 128 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आने से हड़कंप मच गया था। इसके चलते लॉकडाउन दोबारा लागू करने का फैसला लिया गया।
पुणे सिटी जिले में 69 कंटेनमेंट जोन
इसके अलावा आर्मी के दक्षिणी कमांड का हेडक्वार्टर भी PCB एरिया में ही है। इसके चलते भी यह काफी सेंसिटिव जोन है। बताया जा रहा है कि भीमपुरा, न्यू मोदीखाना और इसके आसपास इलाके में कोरोना के मरीज तेजी से बढ़ रहे थे। वहीं, पुणे की बात करें तो यहां भी 18 मई तक 3,598 पॉजिटिव मामले थे। जिले में 69 कंटेनमेंट जोन हैं।