विविध भारत

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला कोरोना पॉजिटिव, AIIMS कोविड सेंटर में भर्ती

दिल्ली एम्स ने जानकारी देते हुए बताया है कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 19 मार्च को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें 20 मार्च को निगरानी के लिए एम्स कोविड सेंटर में भर्ती कराया गया था।
2 min read
• •
Updated: 21 Mar 2021, 3:18 PM IST
om-birla.jpg
Lok Sabha Speaker Om Birla Tests Corona Positive, Admitted to AIIMS Covid Center

नई दिल्ली। देश में एक बार फिर से कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं और आम लोगों से लेकर एक के बाद एक बड़े-बड़े नेता, मंत्री व दिग्गज लोग संक्रमण की चेपट में आ रहे हैं। इसी कड़ी में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर है।

अस्पताल की ओर से इसकी जानकारी देते हुए बताया गया है कि ओम बिरला 19 मार्च (शुक्रवार) को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिसके बाद 20 मार्च को उन्हें निगरानी के लिए एम्स कोविड सेंटर में भर्ती कराया गया। फिलहाल, उनकी हालत स्थिर है।

बता दें कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ऐसे वक्त में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जब संसद का बजट सत्र चल रहा है। बजट सत्र का दूसरा चरण आठ मार्च से शुरू हुआ है, जो आठ अप्रैल तक चलेगा। मालूम हो कि इससे पहले महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने खुद इसकी जानकारी ट्वीट करते हुए दी थी और लोगों से अपील की थी कि कोरोना नियमों का पालन करें और उनके संपर्क में जो भी लोग आए हैं व अपना कोरोना टेस्ट जरूर कराएं।

पिछले 24 घंटों में 43 हजार नए मामले दर्ज

आपको बता दें कि देश में एक बार फिर से कोरोना के नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, देश कोरोना की दूसरी लहर का सामना कर रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में 43,846 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि इस दौरान 197 लोगों की मौत हुई।

राजधानी दिल्ली की बात करें तो शनिवार को 813 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी, जो इस साल सर्वाधिक है। दिल्ली में करीब 81 दिन बाद एक दिन में सबसे अधिक लोग संक्रमित मिले थे। इससे पहले 27 दिसंबर को 757 मामले आए थे। इसके साथ ही दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 6,47,161 हो गई हैं। वहीं, 10,955 लोगों की मौत हो चुकी है।

पूरे देश की बात करें तो अब तक 1,15,99,130 मामले सामने आए हैं, जबकि 1,59,755 लोगों की अब तक मौत हो गई है। इससे पहले पिछले साल 26 नवंबर को एक दिन में सर्वाधिक 44,489 मामले सामने आए थे। दिल्ली और महाराष्ट्र समेत देश के आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा) में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।

Published on: