विविध भारत

गुरुग्राम-नोएडा में जॉब करने वाले हो जाएं खुश, अगले हफ्ते में मेट्रो की मिलने वाली है एक और सौगात

अधिकारियों ने सोमवार को इसकी घोषणा की।
2 min read
• •
Updated: 21 May 2018, 4:09 PM IST
Magenta line to be fully functional upto janakpuri by 29 May
गुरुग्राम-नोएडा में जॉब करने वाले हो जाएं खुश, अगले हफ्ते में मेट्रो की मिलने वाली है एक और सौगात

नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन 29 मई से कालकाजी मंदिर से जनकपुरी पश्चिम तक शुरु हो जाएगी। अभी तक इस लाइन पर कालकाजी से बोटेनिकल गार्डन तक ट्रेन चलाई जा रही थी, लेकिन 29 मई से इसका विस्तार जनकपुरी तक हो जाएगा। अधिकारियों ने सोमवार को इसकी घोषणा की। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिह पुरी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 28 मई को शाम साढ़े चार बजे इस 25.6 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर को हरी झंडी दिखाएंगे।

हौजखास में यात्रियों के लिए सुविधा

मजेंटा लाइन के इस विस्तार के बाद जनकपुरी पश्चिम और हौजखास में यात्रियों को ब्लू लाइन (नोएडा सिटी सेंटर/वैशाली- द्वारका सेक्टर 21) और येलो लाइन (हुडा सिटी सेंटर-समयपुर बादली) के लिए स्टेशन इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। बता दें कि इस लाइन के अंतर्गत नोएडा के बोटेनिकल गार्डन और दक्षिण दिल्ली के कालकाजी मंदिर तक मेट्रो लाइन का संचालन पिछले वर्ष दिसंबर में ही शुरू हो गया था।

इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के डोमेस्टिक टर्मिनल तक रास्ता साफ

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्प (डीएमआरसी) ने अपने बयान में कहा, 'इस लाइन के जरिए इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के डोमेस्टिक टर्मिनल तक सीधे पहुंचा जा सकेगा...नोएडा के निवासी भी अब सीधे हवाईअड्डे के डोमेस्टिक टर्मिनल तक पहुंच सकेंगे।'

इस कॉरिडोर के अंतर्गत ये स्टेशन

इस कॉरिडोर के अंतर्गत आने वाले स्टेशन जनकपुरी वेस्ट, डाबरी मोड़, दशरथपुरी, पालम, सदर बाजार, टर्मिनल 1-आईजीआई एयरपोर्ट, शंकर विहार, वसंत विहार, मुनरिका, आर.के. पुरम, हौज खास, आईआईटी, पंचशील पार्क, चिराग दिल्ली, जी.के. एंक्लेव, नेहरू एंक्लेव हैं।

202 स्टेशनों वाला बन जाएगा दिल्ली मेट्रो

25.6 किलोमीटर की इस मेट्रो लाइन में से 23 किलोमीटर मेट्रो लाइन अंडरग्राउंड है। इसमें केवल दो स्टेशन सदर बाजार और शंकर विहार अंडरग्राउंड नहीं हैं। बाकी सभी स्टेशन अंडरग्राउंड हैं। डीएमआरसी ने कहा,'मेट्रो के इस लाइन के पूर्ण रूप से शुरू हो जाने के बाद, दिल्ली मेट्रो के कुल कोरिडोर का विस्तार 278 किलोमीटर और 202 स्टेशनों तक हो जाएगा।'

Published on: