
मुंबई: मराठा आरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि आरक्षण प्रक्रिया नंबवर से पहले पूरी हो जाएगी। फडणवीस ने कहा कि आरक्षण को लेकर 72000 सरकारी नौकरी भर्ती स्थगित है। जल्द ही इस पर फैसला लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मराठा समुदाय से शांति बनाए रखने की अपील की है।
मराठा आरक्षण को लेकर जारी है घमासान
मराठा आंदोनल की मांग को लेकर मराठी संगठन और प्रतिनिधिमंडल लगातार मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रहा है। पिछले दिनों मराठी फिल्म इंडस्ट्री का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर मराठा आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा की । बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विभिन्न वर्गों के नेताओं के साथ मुलाकात की गई । फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार मराठा आरक्षण के समर्थन में है। हम जल्द से जल्द समस्या को हल करने के लिए जुटे हुए हैं। फडणवीस ने कहा था कि सरकार आरक्षण देने के समर्थन में है । लेकिन मामला कोर्ट में लंबित है।
आरक्षण मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक
इससे पहले मराठा आरक्षण के मुद्दे पर 28 जुलाई को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अगुवाई में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई । बैठक के बाद सीएम फडणवीस ने कहा कि मराठा आरक्षण पर सभी पार्टियां सहमत हैं और हम इस पर एकमत से फैसला लेंगे। फडणवीस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अनुचित कदम नहीं उठाने की अपील की है।
6 लोगों की जा चुकी है जान
इस मसले पर 6 लोगों की जान जा चुकी । मुद्दे पर औरंगाबाद में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। औरंगाबाद में प्रशासनिक सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे 28 वर्षीय प्रमोद होरे पाटील ने ट्रेन के सामने छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। इससे पहले दो व्यक्तियों ने पिछले हफ्ते आत्महत्या की थी जबकि वहीं एक कॉन्स्टेबल की ऑन ड्यूटी हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी।