
नई दिल्ली। कोरोना वायरस ( coronavirus ) की वजह से पूरी दुनिया संकट में है। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी जारी है। अब इस संकट को लेकर सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश और प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष रहे मार्कंडेय काटजू ( Markandey Katju ) ने ट्वीट कर एक सवाल पूछा है।
पूर्व न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू ने ट्वीट कर पूछा है कि अगर भगवान हैं तो वह कोरोना को खत्म क्यों नहीं कर देते? इस सवाल के बाद उनका ट्विट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
अब उनके इस ट्वीट को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग तरह के जवाब दे रहे हैं। कुछ यूजर्स ने लिखा कि भगवान हमें महसूस कराना चाह रहे हैं कि मैं हूं, एक बार लोगों को समझ आ जाएगा तो कोरोना अपने आप खत्म हो जाएगा।
कुछ अन्य यूजर्स ने मार्कंडेय काटजू के सवाल का जवाब देते हुए लिखा कि भगवान इंसानों के साथ ही जानवरों और प्रकृति के लिए भी होता है। वह इस बार इन लोगों की सुन रहा है। कुछ यूजर्स जस्टिस काटजू से ही पूछ रहे हैं कि क्या आपने भगवान से कोरोना को खत्म करने के लिए प्रार्थना की है...क्या उससे पहले भगवान की पूजा की है कभी।
बता दें कि इससे पहले मार्कंडेय काटजू लॉकडाउन बढ़ाने के विषय में भी अपना विरोध दर्ज करा चुके हैं। उनका कहना है कि अगर ये लॉकडाउन बढ़ेगा तो लोग भूख से मरने लगेंगे। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश काटजू ने यह भी कहा था कि देश के राजनेता लॉकडाउन इसलिए बढ़ाना चाहते हैं कि क्योंकि अगर लॉकडाउन हटने से किसी की भी मौत होती है तो उसकी जिम्मेदारी उनकी ही होगी। इसीलिए ये लोग चाहते हैं कि लॉकडाउन जारी रहे।