
नई दिल्ली। लॉकडाउन की वजह से जहां देशभर के लोग एक साथ कई परेशानियों से जूझ रहें हैं वहीं राहत की बात यह है कि देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अरपाध में भारी गिरावट आई है। दिल्ली महिला आयोग ( DCW ) से मिली जानकारी के मुताबिक लॉकडाउन ( Lockdown ) के दौरान रेप और किडनैपिंग के मामलों में सबसे ज्यादा कमी आई है।
दिल्ली महिला आयोग का कहना है कि लॉकडाउन लागू होने के बाद से महिलाओं के खिलाफ अपराध को लेकर बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। लॉकडाउन 2.0 लागू होने से इसमें और सुधार आने की उम्मीद है। दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध में कमी आना एक अच्छा संकेत है।
इस बीच दिल्ली महिला आयोग की ओर से पहले की तरह 24 घंटे सेवा जारी है। रोजाना 1400 के करीब फोन कॉल रिसीव किए जा रहे हैं। कॉल को रिसिव करने और रिस्पांस देने के काम में महिला पंचायत की टीमें भी मदद कर रही हैं। कॉल से मिली सूचना के आधार पर कई महिलाओं को राशन, जरूरत का सामान पहुंचाया जा रहा है।
DCW से मिली जानकारी के मुताबिक आयोग की हेल्पलाइन 181 पर पहले प्रतिदिन औसतन 15 सौ से 18 सौ कॉल मिलती थीं। जबकि 26 मार्च से 31 मार्च के बीच पहले से ज्यादा कॉल प्राप्त हुईं। आयोग को 27 मार्च को 4,341 कॉल, 28 मार्च को 5522 कॉल और 29 और 30 मार्च को 3,000 से अधिक कॉल मिलीं। 1 अप्रैल के बाद, आयोग को प्रति दिन लगभग 1300 से 1500 कॉल प्राप्त हो रहे हैं।
इन फोन कॉल में सबसे ज्यादा मामले लॉकडाउन को लेकर भ्रम की वजह से आते हैं। इस तरह के कॉल में महिलाओं की ओर से आयोग से मदद मांगी जा रही है।महिलाओं के कॉल से इस बात का पता चला है कि
लॉकडाउन के दौरान घरेलू हिंसा में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं हुई है। हालांकि, दिल्ली महिला आयोग का कहना है कि इससे बिल्कुल निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता है।
दिल्ली महिला आयोग के मुताबिक 12 से 24 मार्च के बीच सेक्सुअल असॉल्ट, छेड़छाड़ से जुड़ी 6 शिकायतें आती थीं। अब ये घटकर सिर्फ 2-3 पर ही रह गई हैं। वहीं रेप के जो भी केस रिपोर्ट होते थे उनमें करीब 71 फीसदी की कमी आई है। किडनैपिंग के मामलों में भी 90 फीसदी की कमी दर्ज की गई है।