दिल्ली मेट्रो ने टाइम टेबल को लेकर बड़ा बदलाव किया है।
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने एक बड़ा फैसला लिया है। रविवार को नई लाइनों पर अब मेट्रो का परिचालन दो घंटे देरी से शुरू होगा। जानकारी के मुताबिक, नई लाइनों पर रविवार को सुबह आठ बजे से मेट्रो चलेगी।
रखरखाव के लिए लिया गया यह फैसला
डीएमआरसी का कहना है कि मेट्रो लाइनों और ट्रेनों की बेहतर रखरखाव के लिए यह फैसला लिया गया है। डीएमआरसी के मुताबिक, मेट्रो का परिचालन देर रात तक होता है। इससे रखरखाव से संबंधित काम के लिए कम समय मिल पाता है, इसलिए सप्ताह में एक दिन रखरखाव से संबंधित कार्य के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय निकालने के लिए यह व्यवस्था की गई है। इसकी शुरुआत तीसरे फेज में निर्मित समयपुर बादली-जहांगीरपुरी मेट्रो कॉरिडोर से किया गया था। यह कॉरिडोर पीली लाइन (हुडा सिटी सेंटर-जहांगीरपुरी) का विस्तार कॉरिडोर है। जानकारी के मुताबिक, जनकपुरी पश्चिम-बोटेनिकल गार्डन कॉरिडोर पर 29 मई से परिचालन शुरू होने के बाद रविवार को मजेंटा लाइन के पूरे हिस्से पर भी सुबह आठ बजे से ही परिचालन होगा।
साप्ताहिक अवकाश के कारण लिया गया है यह निर्णय
डीएमआरसी का कहना है कि रविवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण यह फैसला लिया गया है। प्रत्येक रविवार को मजेंटा लाइन पर सुबह आठ बजे से सात स्टेशनों जनकपुरी पश्चिम, बोटेनिकल गार्डन, आरके पुरम, डोमेस्टिक एयरपोर्ट, हौज खास, जसोला शाहीन बाग व कालकाजी मंदिर स्टेशन से पहली मेट्रो ट्रेन उपलब्ध होगी। ऐसे में परिचालन पर खास असर नहीं पड़ेगा और यात्रियों को परेशानी नहीं होगी। वहीं, पिंक लाइन पर भी यह नियम लागू होगा। 58 किलोमीटर लंबी पिंक लाइन दिल्ली मेट्रो का सबसे बड़ा कॉरिडोर होगा। हालांकि, एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को इस बदलाव से परेशानी हो सकती है। लेकिन, डीएमआरसी का कहना है कि बदलाव से यात्रियों को दिक्कत नहीं होगी। अब देखना यह है कि यह बदलाव फायदेमंद साबित होता है या फिर नुकसानदायक।