
नई दिल्ली। मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अश्विनी चौबे एसडीएम के साथ बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं। दरअसल, यह घटना बिहार के बक्सर की है। यहां केंद्रीय मंत्री आचार संहिता के उल्लंघन की बात पर भड़क गए। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने वहां एसडीएम के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि उनको धमकाया भी। आपको बता दें कि अश्विनी चौबे बक्सर में एक चुनावी सम्मेलन में जा रहे थे। बताया गया कि चौबे के काफिले में गाड़ियों की संख्या आचार संहिता का उल्लंघन कर रही थी।
एसडीएम केके उपाध्याय के साथ बदसलूकी
वहीं, जब प्रशासन ने अनुमति से अधिक गाड़ियों का इस्तेमाल पर आपत्ति जताई तो केंद्रीय मंत्री भड़क गए। इस पर उन्होंने बक्सर के एसडीएम केके उपाध्याय के साथ बदसलूकी की। प्रशासन पर भड़के मंत्री ने एसडीएम को चुनौती देते हुए कहा कि हिम्मत तो ले चलो जेल। किसके आदेश से मेरी गाड़ी रोके हो? ऐसा माना जाता है कि अश्विनी चौबे को किसी की रोकटोक पसंद नहीं है। शनिवार को उम्मीदवार घोषित होने के बाद पहली बार बक्सर पहुुंचे केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। लेकिन अनुमति से अधिक गाड़ियों का इस्तेमाल करने पर प्रशासन की आपत्ति के बाद वह भड़क गए।
एसडीएम को जेल में डालने तक की चुनौती
वीडियो में दिखाया जा रहा है कि चौबे एसडीएम को जेल में डालने तक की चुनौती दे डाली। हालांकि एसडीएम ने चुनाव आयोग का हवाला देते हुए मंत्री को शांत करने का प्रयास भी किया, लेकिन उन्होंने एक न सुनी।