विविध भारत

जनसंख्या नियंत्रण पर अब बिहार के इस बड़े नेता ने दिया बयान, कहा- ऐसा न हो कि धरती कराहने लगे

Highlights. - बिहार में जनसंख्या नियंत्रण को लेकर इन दिनों राजनीति गरम है - जद यू नेता आरसीपी सिंह ने कहा- जनसंख्या पर नियंत्रण हम सबकी जिम्मेदारी - उन्होंने श्रीराम मंदिर निर्माण में दान पर कहा- दान गुप्त तरीके से करते है, शोर मचाकर नहीं  
2 min read
Feb 26, 2021
rcp.jpg

नई दिल्ली।

बिहार की राजनीति इन दिनों देश की बढ़ती जनसंख्या को लेकर काफी गरम है। सत्ता पक्ष और या फिर विपक्ष, दोनों ही ओर के नेताओं की बयानबाजी से राज्य का सियासी पारा चढ़ता दिख रहा है। इस बीच, सत्तारूढ़ दल जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद सिंह यानी आरसीपी सिंह ने बयान देकर जनसंख्या को बड़ी समस्या बता दिया है। उन्होंने यह भी कह दिया है कि इस पर नियंत्रण करना बेहद जरूरी है और इस पर रोक लगाना सभी की जिम्मेदारी है।

जनसंख्या पर नियंत्रण में सभी का सहयोग जरूरी
जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या देश की बड़ी समस्या है। आबादी इतनी भी न बढ़े कि धरती ही कराहने लगे। उन्होंने यह भी कहा कि जनसंख्या को सिर्फ कानून के नजरिए से नहीं बल्कि, उससे भी बड़े स्तर पर देखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या को सामाजिक और स्वास्थ्य के नजरिए से देखना जरूरी हो गया है। प्रत्येक व्यक्ति को खुद से देखना होगा कि वह कितने बच्चे रखे। उन्होंने कहा कि यह समस्या गंभीर है और इसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है।

दान शोर मचाकर नहीं करते
उन्होंने श्रीराम मंदिर निर्माण में दान देने के विषय पर कहा कि दान शोर मचाकर नहीं दिया जाता बल्कि, गुप्त दान किया जाता है। दान अपनी इच्छा से किया जाता है। यह आस्था से जुड़ा मामला है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों को लगता है कि दान करना चाहिए, वे लोग दान करें। यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है।

नीतीश कुमार का जन्मदिन विकास दिवस के रूप में
बता दें कि जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने हाल ही में कहा था कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन पार्टी विकास दिवस के रूप में मनाएगी। नीतीश कुमार का जन्मदिन 1 मार्च को होता है। पार्टी इस दिन ब्लॉक स्तर से लेकर प्रदेश और देशभर में विभिन्न छोटे-बड़े आयोजन भी करेगी।

Published on:
26 Feb 2021 10:26 am