विविध भारत

आरएसपुरा सेक्टर में लापता हुए BSF के जवान का मिला शव, पाकिस्तानी सैनिकों ने बरसाईं थी गोलियां

पाकिस्तान ने एक बार फिर किया सीजफायर का उल्लंघन।
2 min read
• •
Updated: 18 Sep 2018, 9:41 PM IST
indian soldier
पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन, इंटरनेशनल सीमा से भारतीय जवान हुआ लापता

नई दिल्ली। बॉर्डर पर पाकिस्तान की एक और नापाक हरकत सामने आ गई है। मंगलवार को जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ का एक जवान लापता हो गया था। अब खबर है कि उस जवान का शव सुरक्षाबलों को मिला है। बता दें कि बीएसएफ का ये जवान पाकिस्तान की तरफ से की गई फायरिंग के बाद लापता हो गया था। तभी से सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन चल रहा था। बताया जा रहा है कि ये जवान पाकिस्तान की गोलीबारी का शिकार हुआ है। यह घटना अंतरराष्ट्रीय सीमा के आरएस पुरा सेक्टर में हुई जब पाकिस्तान ने बीएसएफ की कुछ चौकियों समेत भारत के कुछ स्थलों पर गोलीबारी की। लापता जवान की तलाश के लिए अभियान चलाया गया था।

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि जवानों का एक ग्रुप घास काटकर ला रहा था कि तभी पाकिस्तानी सेना ने सीमा पार से फायरिंग शुरू कर दी। इसी फायरिंग के दौरान एक जवान लापता हो गया था। अभी शहीद हुए जवान के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है। सेना के अधिकारियों का कहना है कि यह घटना अंतरराष्ट्रीय सीमा के आरएस पुरा सेक्टर में उस वक्त हुई, जब पाकिस्तान ने बीएसएफ की कुछ चौकियों पर अचानक फायरिंग कर दी। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना छोटे हथियारों से की जा रही गोलीबारी का जवाब दे रही है।

पुलावामा में भी हुआ आतंकी हमला

यहां आपको बता दें कि मंगलवार को ही पुलवामा जिले में अर्धसैनिक बलों के कैंप पर आतंकवादी हमला हुआ। हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक जवान घायल हो गया। खबरों के अनुसार, सुबह करीब एक बजे आतंकियों ने नेवा पुलवामा स्थित सीआरपीएफ की 183वीं वाहिनी और राज्य पुलिस विशेष अभियान दल एसओजी के कैंप पर पहले ग्रेनेड फेंका। ग्रेनेड शिविर के बाहरी हिस्से में गिरा और इसमें कोई धमाका नहीं हुआ। ग्रेनेड के गिरने के बाद जब सुरक्षाकर्मी उसे निष्कर्ष करने आगे आए तो शिविर से कुछ ही दूरी पर अंधेरे में घात लगाए बैठे आतंकियों ने उन पर अपने हथियारों से फायरिंग कर दी। इसमें सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया। पुलिस ने जानकारी दी है कि आतंकवादियों ने रात 12.45 बजे के आसपास नेवा गांव में सीआरपीएफ शिविर और एसओजी (विशेष अभियान समूह) पर ग्रेनेड फेंके और भारी गोलीबारी की। हमले में घायल जवान को यहां सेना के 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाके की घेराबंदी कर तलाशी शुरू कर दी गई है।

Updated on:
18 Sep 2018, 9:41 PM IST
Published on: