
नई दिल्ली। आज देशभर में मकर संक्रांति का महापर्व पूरे देश में जोश के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी है। तमिलनाडु सहित दक्षिण भारतीय प्रांतों और असम के लोगों को पोंगल और बिहू की भी बधाई दी है। इसके साथ ही उन्होंने अपने ट्विट में कामना की है कि उत्तरायण सूर्यदेव सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करें। पीएम मोदी ने कहा है कि प्रकृति, परंपरा और संस्कृति के रंगों से भरे मंगल पर्व मकर संक्रांति की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।
संघ प्रमुख ने चेन्नई में मनाया पोंगल
वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में पोंगल का त्योहार धूमधाम से मनाया और गाय की पूजा की। उन्होंने इस अवसर पर सभी के स्वस्थ और समृद्धि की भी कामना की है। बता दें कि मकर संक्रांति का पर्व असम, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, त्रिपुरा, तमिलनाडु, केरल में धूमधाम से मनाया जाता है। तमिलनाडु में इसे पोंगल तोअसम में बिहू कहते हैं।