
नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के जन्मदिन पर बुधवार को बधाइयों का तातां लगा रहा। ट्वीट पर कई नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। सबसे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लंबी उम्र की कामना की। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट करके केजरीवाल को जन्मदिन की बधाई दी। इस दौरान केजरीवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सेहत पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मैं अटल जी की सेहत में जल्द सुधार की कामना करता हूं।
70 विधानसभा सीटों में से 67 सीटें जीतीं
अरविंद केजरीवाल का जन्म 16 अगस्त 1968 को हुआ था। दिल्ली की राजनीति में उतरने से पहले वह एक नौकरशाह थे। उन्होंने कांग्रेस के समर्थन से दिसंबर 2013 से फरवरी 2014 तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। यह सरकार सिर्फ 49 दिनों तक चली। 2015 में उनकी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में बहुमत हासिल किया,जिसमें 70 विधानसभा सीटों में से 67 सीटें उन्होंने जीतीं। अरविंद केजरीवाल ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर से बीटेक किया है। इसके बाद उन्होंने भारतीय राजस्व सेवा नई दिल्ली में आयकर विभाग के संयुक्त आयुक्त के रूप में काम किया।
अन्ना हजारे साथ आंदोलन छेड़ा
2006 में उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान छेड़ा। उन्होंने अन्ना हजारे के साथ मिलकर सूचना कानून के अधिकार पर लंबी लड़ाई लड़ी। इसके लिए उन्हें रमन मैगसेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। 2012 मेें उन्होंने आम आदमी पार्टी का गठन किया और पार्टी ने 2013 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में अच्छी सीटें हासिल कीं। चुनाव के बाद,उन्होंने 28 दिसंबर 2013 को दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला। उन्होंने 49 दिनों बाद 14 फरवरी 2014 को इस्तीफा दे दिया और कहा कि भ्रष्टाचार विरोधी कानून को पारित करने में असमर्थता के कारण ऐसा किया था। 14 फरवरी 2015 को दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर उन्होंने दूसरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।