विविध भारत

PM मोदी का बड़ा बयान, बोले- चांद की सतह पर पहुंचने का सपना होगा साकार

चांद पर पहुंचने का सपना साकार होकर रहेगा- पीएम मोदी वैज्ञानिक तब तक नहीं रुकेंगे जब तक मंजिल तक नहीं पहुंच जाते- पीएम
2 min read
• •
Updated: 7 Sep 2019, 3:20 PM IST
narendra modi

नई दिल्ली। देशभर में चंद्रयान 2 की चर्चाएं हो रही है। चांद पर लैंडिग से 2.1 किलोमीटर पहले विक्रम लैंडर का संपर्क इसरो से टूट गया। इससे देश को बड़ा झटका लगा है। विक्रम लैंडर से संपर्क करने की कोशिश में इसरो लगातार लगा हुआ है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि चाहे कुछ हो जाए चांद की सतह पर पहुंचने का सपना साकार होकर रहेगा।

मुंबई में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि चंद्रयान-2 मिशन में एक रुकावट जरूर आई है लेकिन चांद पर पहुंचने का हमारा सपना साकार होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि इसरो ने इस मिशन के लिए जिस तरह से मेहनत की, उसके लिए हमें इससे जुड़े सभी लोगों पर गर्व है।

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वैज्ञानिकों ने जो हौसला दिखाया है उससे मैं काफी प्रभावित हूं। उन्होंने कहा कि लक्ष्य को कैसे दिन रात एक करके पूरा किया जाता है, कोई इन वैज्ञानिकों से सीखे। पीएम ने कहा कि कैसे विपरीत से विपरीत परिस्थिति में भी बड़ी से बड़ी चुनौती में भी पूरी तन्मयता के साथ हम अपने लक्ष्य को पाने के लिए जुटे रह सकते हैं, यह हम इसरो के वैज्ञानिकों से सीख सकते हैं।

पीएम ने कहा कि भारत इतिहास रचने के करीब है। लेकिन इसरो के वैज्ञानिक तब तक नहीं रुकेंगे जब तक मंजिल तक नहीं पहुंच जाते। चांद पर पहुंचने का सपना हमारा पूरा होकर रहेगा। गौरतलब है कि विक्रम लैंडर से संपर्क टूटने के बाद से इसरो के वैज्ञानिक उसे ढूंढने में लगे हैं। हालांकि, कुछ अधिकारियों का कहना है कि विक्रम लैंडर से दोबारा संपर्क साधना नामुकीन है।

Published on: