विविध भारत

सात राज्यों के मुख्यमंत्रियों संग बैठक में Lockdown के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कही बड़ी बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( PM Modi Meeting With CMs ) ने देश के सात राज्यों संग की ऑनलाइन बैठक। इस दौरान सप्लाई चेन, लॉकडाउन, आर्थिक गतिविधियों पर चर्चा की। कोरोना के खिलाफ लड़ाई का इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रेनिंग की मजबूती जरूरी।
2 min read
• •
Updated: 24 Sep 2020, 7:40 AM IST
PM Modi Meeting With CMs of 7, discussed about Coronavirus Lockdown
PM Modi Meeting With CMs of 7, discussed about Coronavirus Lockdown

नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर देश में केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए तमाम उपायों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सात राज्यों के मुख्यमंत्रियों संग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये चर्चा ( PM Modi Meeting With CMs ) की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने विभिन्न राज्यों द्वारा बीच-बीच में लगाए जा रहे लॉकडाउन पर भी बात की।

मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा, "बीते महीनों में कोरोना इलाज से जुड़ी जिन सुविधाओं का विकास किया है, वो हमें कोरोना से मुकाबले में बहुत मदद कर रही हैं। अब हमें कोरोना से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को तो मजबूत करना है, जो हमारा हेल्थ से जुड़ा, ट्रैकिंग-ट्रेसिंग से जुड़ा नेटवर्क है, उनकी बेहतर ट्रेनिंग भी करनी है।"

लॉकडाउन को लेकर पीएम मोदी ने कहा, "जो 1-2 दिन के लोकल लॉकडाउन होते हैं, वो कोरोना को रोकने में कितना प्रभावी हैं, हर राज्य को इसका अवलोकन करना चाहिए। कहीं ऐसा तो नहीं कि इस वजह से आपके राज्य में आर्थिक गतिविधियां शुरू होने में दिक्कत हो रही है? मेरा आग्रह है कि सभी राज्य इस बारे में गंभीरता से सोचें।"

पीएम मोदी ने राज्यों से एक-दो दिन या वीकेंड लॉकडाउन को लेकर कहा कि अगर इनसे फायदा नहीं हो रहा है, तो इनके बारे में गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। साथ ही यह देखना भी जरूरी है कि कहीं यह एक-दो दिन के लॉकडाउन संबंधित राज्यों में आर्थिक गतिविधियों के आगे रोड़ा तो नहीं बन रहे हैं।

पीएम ने कहा, "राज्यों के बीच माल के ठहराव से आम जनता अनावश्यक रूप से परेशान है। यह लोगों और आजीविका दोनों को प्रभावित करता है। हमें यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि राज्यों के बीच सुचारू समन्वय हो। आपूर्ति श्रृंखला को जारी रखने में निरंतर निगरानी मदद करेगी। भारत ने मुश्किल समय में भी पूरे विश्व में जीवन रक्षक दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित की है। ऐसे में एक राज्य से दूसरे राज्य के बीच दवाइयां आसानी से पहुंचे, हमें मिलकर ही ये देखना होगा।"

पीएम ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई को लेकर कहा, "संयम, संवेदना, संवाद और सहयोग का जो प्रदर्शन इस कोरोना काल में देश ने दिखाया है, उसको हमें आगे भी जारी रखना है। संक्रमण के विरुद्ध लड़ाई के साथ-साथ अब आर्थिक मोर्चे पर हमें पूरी ताकत से आगे बढ़ना है।"

Updated on:
24 Sep 2020, 7:40 AM IST
Published on: