
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जैन संत आचार्य श्री विजय वल्लभ सुरीश्वर जी महाराज की 151वीं जयंती के अवसर राजस्थान के पाली में स्टेच्यू ऑफ पीस का अनावरण करेंगे। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्टेच्यू ऑफ पीस का अनावरण करेंगे। इस अवसर पर पीएम विजय वल्लभ साधना केंद्र के लोगों को संबोधित भी करेंगे।
स्टेच्यू ऑफ पीस 151 इंच की है। यह प्रतिमा अष्टधातु से बनी है। इसे पाली के जेतपुरा इलाके के विजय वल्लभ साधना केंद्र में स्थापित किया गया है। बता दें कि अपने जीवन में सुरीश्वर जी महाराज ने 1870 से 1954 तक भगवान महावीर के संदेश का नि:स्वार्थ और समपर्ण भाव से प्रचार प्रसार किया था। सुरीश्वर जी महाराज का कहना था कि भगवान महावीर के बताए अहिंसा की राह पर चलकर ही विश्व शांति को बढ़ावा देना संभव है। इसलिए सभी को हिंसारहित समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए। ऐसा करना विश्व शांति के लिए जरूरी है।