
नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ असंतोष अब दिल्ली के साथ अन्य राज्यों में भी फैलने लगा है। इस बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल ने केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में अपना पद्म विभूषण सम्मान वापस कर दिया है। पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को इस मुद्दे पर तीन पन्ने की चिट्ठी भी लिखी है। राष्ट्रपति के नाम जारी चिट्ठी में उन्होंने दिल्ली में किसानों पर एक्शन की निंदा भी की है।
देश में किसानों का हो रहा है अपमान
प्रकाश सिंह बाद बादल ने पत्र में लिखा है कि मैं इतना गरीब हूं कि किसानों के लिए कुर्बान करने के लिए मेरे पास कुछ और नहीं है, मैं जो भी हूं किसानों की वजह से हूं। ऐसे में अगर किसानों का अपमान हो रहा है, तो किसी तरह का सम्मान रखने का कोई फायदा नहीं है। उन्होंने राष्ट्रपति को लिखी चिट्ठी में बताया है कि किसानों के साथ जिस तरह का धोखा किया गया है उससे काफी दुख पहुंचा है। जानकारी के मुताबिक अकाली दल के नेता रहे सुखदेव सिंह ढिंढसा अभी अपना पद्म भूषण सम्मान भारत सरकार को लौटा सकते हैं।