विविध भारत

केरल: बारिश से प्रभावित लोगों के लिए राजनाथ सिंह ने 100 करोड़ के राहत पैकेज का किया ऐलान

राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के साथ मिलकर हवाई मार्ग के जरिए केरल के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
2 min read
Aug 12, 2018
rajnath
Rajnath Singh

तिरुवनंतपुरम। केरल में पिछले 2-3 दिनों से भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन ने तबाही मचा दी है। रविवार को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह केरल के हालातों का जायजा लेने के लिए यहां पहुंचे। इस दौरान राजनाथ सिंह ने हवाई जहाज से केरल के प्रभावित इलाकों का दौरा किया। स्थिति को देखने के बाद राजनाथ सिंह ने केंद्र सरकार की तरफ से केरल में बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए अतिरिक्त 100 करोड़ रुपए के तत्काल राहत पैकेज की घोषणा की है।

राजनाथ सिंह ने राहत पैकेज का किया ऐलान

इसके अलावा राजनाथ सिंह ने केंद्र सरकार की तरफ से राज्य सरकार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। आपको बता दें कि राजनाथ सिंह ने रविवार को केरल के दो बाढ़ प्रभावित जिलों इडुक्की और एर्नाकुलम का हवाई सर्वेक्षण किया और कहा कि राज्य में स्थिति बहुत गंभीर है। इस सर्वेक्षण के दौरान केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और पर्यटन राज्य मंत्री केजे अल्फोन्स भी राजनाथ सिंह के साथ थे।

केरल के हालातों पर गृहमंत्री ने जताई चिंता

केरल के लिए राहत पैकेज का ऐलान गृह मंत्रालय की तरफ से ट्वीट कर किया गया है। ट्वीट में कहा गया है, 'केंद्र इस महत्वपूर्ण समय में केरल राज्य की जरूरतों के प्रति बेहद संवेदनशील है। 2018-19 के लिए एसडीआरएफ के केंद्रीय हिस्से के 80.25 करोड़ रुपए की पहली किस्त पिछले महीने ही जारी की गई थी।' उन्होंने कहा, 'केरल जाने से पहले मैंने एसडीआरएफ के लिए एडवांस 80.25 करोड़ रुपए की दूसरी किस्त जारी करने को मंजूरी दी।'

NDRF टीमों की संख्या 11 से बढ़ाकर 14 की गई

वहीं केरल में गृह मंत्री ने कहा, 'मैं इस अभूतपूर्व संकट के कारण केरल के लोगों की पीड़ा को समझता हूं। चूंकि नुकसान के आकलन में कुछ समय लगेगा, इसलिए मैं अतिरिक्त 100 करोड़ रुपए की तत्काल राहत की घोषणा करता हूं।' राजनाथ सिंह ने बताया कि वर्तमान मानसून के दौरान केरल में एनडीआरएफ की 3 टीमें पहले से ही थीं। राज्य में 11 और एनडीआरएफ टीमों को तैनात किया गया है, एनडीआरएफ टीमों की संख्या को 14 कर दिया गया है। यदि आवश्यक हो तो हम अतिरिक्त टीमों को भी लगाएंगे।'

कुमारस्वामी ने भी दिए थो 10 करोड़ रुपए

आपको बता दें कि केंद्र सरकार से पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने भी केरल में बारिश से प्रभावित लोगों के लिए राहत पैकेज का ऐलान किया था। कुमारस्वामी ने राज्य सरकार को 10 करोड़ रुपए का राहत पैकेज दिया था। साथ ही भविष्य में हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया था।

37 लोगों की हो चुकी है मौत

आपको बता दें कि केरल में पिछले तीन दिनों के अंदर बारिश और भूस्खलन से 37 लोगों की मौत हो गई है। 50 हजार से ज्यादा लोग बेघर हो गए हैं। कई अभी भी लापता हैं।

Published on:
12 Aug 2018 07:54 pm