
नई दिल्ली। इन दिनों बिहार बारिश से बेहाल है। बारिश के बाद आई बाढ़ ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। पटना में रिहाइसी इलाकों में कमर तक पानी भर गया है। इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला है। तेजस्वी यादव का दावा है कि सुशासन से कथित स्मार्ट सिटी पटना के 80 प्रतिशत घरों में बारिश और नालों का गंदा पानी घुस चुका है।
आरजेडी नेता ने कहा कि नीतीश सरकार की सभी व्यवस्था ध्वस्त है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने 15 वर्ष से ड्रेनेज प्रोजेक्ट के नाम पर अरबों खर्च कर दिए। लेकिन इसके बावजूद ऐसी स्थिति है। हर साल बारिश में पटना शहर ऐसे ही डूब जाता है। स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों में मछलियां तैरने लगती हैं। लेकिन इन मामलों पर जवाबदेही लेने के बजाय सरकार चमकी बुखार, बाढ़ और जलजमाव के लिए चूहों या प्रकृति पर दोष मढ़ने लग जाती है।
तेजस्वी ने बिहार की जनता से कहा कि सोचिए 15 साल से सत्ता में रह कर इस सरकार ने विपक्ष को कोसने के अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के नाम पर क्या काम किया। अगर सरकार ने काम किया होता तो ऐसी अव्यवस्था नहीं होती। आज राज्य में हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है।