
नई दिल्ली। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि रशिया के विमान इंजन में खराबी के चलते विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी को अंदेशा था कि शायद विमान में आग लग सकती है, इसे देखते हुए अग्निशमन वाहनों को बुलाया गया। लेकिन बाद में पता चला कि उसमें तकनीकी खराबी थी। इसी वजह से सुरक्षा अधिकारियों ने विमानों को रोक दिया।
344 यात्रियों की बची जान
एएनआई के मुताबिक, आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के रनवे 11 पर रशिया का विमान संख्या ABG 8772 की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। इस विमान में कुल 344 यात्री सवार थे। जिन्हें सफलतापूर्वक विमान से उतार लिया गया। इसे देखते हुए आईजीआई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर फुल एमरजेंसी लैंडिंग की गई है। इस दौरान एयरपोर्ट पर आठ एंबुलेंस और छह दमकल की गाड़ियां भेजी गई।
विमान का शेड्यूल नहीं था
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, आइजीआई एयरपोर्ट पुलिस को सीआइएसएफ कंट्रोल रूम से शनिवार शाम 5.22 बजे विमान की एमरजेंसी लैडिंग की सूचना मिली थी। सुरक्षा अधिकारियों को जिस विमान की एमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिली थी उसका नंबर ABG 8772 था और इसका शेड्यूल भी नहीं था। सूचना के बाद उन्होंने विमान की शाम 6.05 मिनट पर एमरजेंसी लैंडिंग करा दी। इसमें 334 यात्री सवार थे। विमान की एमरजेंसी लैंडिंग रनवे नंबर 1129 पर कराई गई। बताया जा रहा है कि विमान के पायलट ने ऐन मौके पर सूझबूझ से काम लिया और विमान किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बच गया।
बता दें कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग के लिए रशियन विमान ने अनुमति मांगी थी। हालांकि इस विमान की लैंडिंग यहां सूचीबद्ध नहीं थी। जैसे ही इस फ्लाइट ने परमिशन मांगी, एयरपोर्ट अथॉरिटी ने किसी भी अनहोनी से बचने के लिए फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई।