विविध भारत

अयोध्या विवाद पर फैसले को लेकर गोवा में धारा 144 लागू, सिर्फ धार्मिक समारोहों के लिए होगी छूट

अयोध्या विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला 17 नवंबर से पहले आ सकता है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 8 Nov 2019, 2:50 PM IST
goa_police.jpg

पणजी। अयोध्या विवाद पर आने वाले सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले से पहले पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। संवेदनशील राज्यों में पुलिस और फोर्स की तैनाती की गई है। इस बीच गोवा में भी धारा 144 लगा दी गई है। हालांकि गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि धारा 144 के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों को मंजूरी दी जाएगी।

कोर्ट के फैसले से पहले बरती जा रही है एहतियात

शुक्रवार को प्रमोद सावंत ने कहा कि अयोध्या विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मद्देनजर राज्य भर में लगाई गई धारा-144 से धार्मिक समारोहों को छूट दी जाएगी। गोवा सरकार ने गुरुवार को निषेधाज्ञा आदेश लागू किया था। दरअसल केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके बाद एहतियात के तौर पर धारा-144 को लागू किया गया है। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पाबंदी रहेगी।

गोवा में आने वाले दिनों में कैथोलिक प्रार्थना और तुलसी विवाह होना है

शुक्रवार को जब मीडियाकर्मियों ने प्रमोद सावंत से आगामी कैथोलिक प्रार्थना (नोवेना) और 'तुलसी विवाह' उत्सव के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा, "धार्मिक आयोजनों को छूट दी जाएगी।"आपको बता दें कि राज्य प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, तटीय राज्य में एक महीने के लिए धारा-144 लागू रहेगी। इसके परिणामस्वरूप विपक्ष द्वारा मुख्य रूप से कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित कई सामूहिक विरोध प्रदर्शनों व अन्य कार्यक्रमों को रोक दिया गया है।

Updated on:
8 Nov 2019, 2:50 PM IST
Published on: