
नई दिल्ली। आदमी को चाहिए वक्त से डर कर रहे कौन जाने किस घड़ी वक्त का बदले मिजाज...ये लाइन मशहूर फिल्म 'वक्त' के गीत की है। जो समय की शक्ति को दर्शा रही हैं। वक्त कैसे करवट लेता है इसकी बानगी है कथित तौर पर तीन बच्चियों की भूख से मौत की खबर। एक समय था जब बच्चियों का पिता कई भूखों को दाना-पानी देते थे।
परांठे की दुकान चलाता था मंगल
जिंदगी जब गुलजार होती है तो दिलदार लोग खूब लुटाते हैं। बच्चियों के पिता मंगल भी ऐसे ही थे। मंगल पहले साकेत ब्लॉक की गली नंबर-14 में चाय और परांठे का ढाबा चलाते थे। वहां रहने वाले एक बाशिंदे इमरान के अनुसार मंगल की परांठे और चाय की दुकान अच्छी चलती थी। इलाके में रहने वाले बैचलर्स समेत कई अन्य लोग परांठे खाने के लिए पहुंचते थे। इमरान ने मंगल की खूबी के बारे में बताया कि मंगल किसी ग्राहक से पैसे के लिए नहीं पूछते थे। रिक्शा-ठेले वाले जिनके पास कई बार पैसे नहीं होते थे, उन्हें फ्री में भोजन कराते थे। बता दें कि मंगल की दुकान पर ज्यादातर लोग भिखारी आते थे। वह उनसे पैसे नहीं लेते थे। जो खाना बच जाता था उसे बांट भी देते थे।
कर्ज की वजह से बंद हुआ ढाबा
इमरान के अनुसार मंगल शराब का आदी था। मगर, इस हालात में भी मंगल ने कभी किसी से बदसलूकी नहीं की। कोई झगड़ा नहीं हुआ। कर्ज और ठगी के कारण उनका ढाबा चल नहीं पाया। इसके बाद मंगल रिक्शा चलाने लगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रिक्शा भी चुर गया।
मजिस्ट्रेट जांच में नया खुलासा
दिल्ली सरकार ने जो मजिस्ट्रट जांच बिठाई उस रिपोर्ट में नया खुलासा हुआ है कि मौत की वजह भुखमरी को नहीं बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक बच्चियों के पिता ने उनको 23 जुलाई की रात को गर्म पानी में कोई अनजान दवा दी थी फिर पिता मंगल सिंह 24 जुलाई सुबह घर से गए और लौटकर नहीं आये। बता दें कि रिपोर्ट में ये भी लिखा गया है कि जिस तरह के हालात में परिवार जीवन जी रहा है उसको देखकर साफ है कि मरने वाले बच्चों का पोषक स्तर अच्छा नहीं था लेकिन बच्चों को कुछ खाने का सामान लगातार मिल रहा था।