कोरोना के नियमों का सख्‍ती से पालन कराने के लिए जगह-जगह पर बीएमसी ने मार्शल तैनात किए हैं। महिला के मास्क न पहने पर मार्शल ने रोका था।
मुंबई। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस (Coronavirus) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। यहां पर संक्रमण के मामले हर दिन नए रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। इसके बावजूद लापरवाही के किस्से भी सामने आने लगे हैं। महाराष्ट्र (Maharashtra) में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने मास्क (Mask) लगाने को अनिवार्य करा है। कोरोना के नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए जगह-जगह पर बीएमसी ने मार्शल तैनात किए हैं। मगर लोग अभी भी इस नियम का पालन नहीं करते दिखाई दे रहे हैं। हद तो यह हैं कि अब मार्शल से मारपीट का मामला सामने आने लगा है।
सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है। यहां पर मास्क न पहनने पर मार्शल का महिला को टोकना उस पर भारी पड़ा। महिला को रोकने की कोशिश की उस पर लात-घूंसों की बरसात होने लगी। महिला ने मारना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो मुंबई के कांदिवाली का है। गौरतलब है कि बिना मास्क पहने ऑटो में बैठने जा रही महिला को जब मार्शल ने रोका तो महिला ने उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। बीच सड़क पर महिला ने मार्शल को थप्पड़ भी मारा।
वीडियो में महिला कहती दिखाई दे रही है कि उसे रोकने की उसने हिम्मत कैसे की? उसे छूने की मार्शल ने हिम्मत कैसे की? बता दें कि मुंबई में मास्क नहीं पहनने पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड-19 संक्रमण के 25,681 नए मामले दर्ज किए गए हैं। पिछले साल इस महामारी के शुरू होने के बाद एक दिन में सामने आये मामलों की यह दूसरी सबसे अधिक संख्या है।