
नई दिल्ली। अपने पड़ोसी देशों चीन और पाकिस्तान के साथ कई मोर्चों पर तनाव का मुकाबला कर रहे भारत को अमरीका का बड़ा सहयोग मिल सकता है। यूं तो पीएम मोदी की अमरीका यात्रा के समय से ही ट्रंप सरकार का रुख भारत के प्रति काफी दोस्ताना रहा है, लेकिन अगले सप्ताह भारत के दौरे पर आ रहे अमरीकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन भारत के साथ एक नए रिश्ते की नींव रखेंगे। कूटनीतिक गलियारों की मानें तो टिलरसन का भारत दौरा दोनों देशों के बीच अगले 100 साल तक के लिए रिश्तों की आधारशिला रखेगा। विदेश मंत्री बनने के बाद टिलरसन का यह पहला दक्षिण एशिया दौरा होगा।
भारत के लिए कई मायनों में अहम दौरा
दरअसल, अमरीकी शीर्ष थिंक टैंक सीएसआईएस में भारत से जुड़ी नीति पर आए टिलरसन के उस बयान को दोनों देशों के बीच बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। जिसमें उन्होंने चीन और पाकिस्तान को आड़े हाथ लेते हुए कहा था कि पेइचिंग की 'उकसावे वाली कार्रवाई' उन इंटरनेशल लॉ के खिलाफ है जिनके भारत और अमरीका पक्षधर हैं। यही नहीं टिलरसन ने पाकिस्तान को फटकार लगाते हुए कहा था कि वॉशिंगटन यह उम्मीद करता है कि इस्लामाबाद अपनी सीमा के अंदर सक्रिय आतंकी समूहों के खिलाफ 'निर्णायक कार्रवाई' करेगा। अमरीकी विदेश मंत्रालय ने टिलरसल के इस बयान को भारत व अमरीका के बीच अगले 100 साल तक के रिश्तों की दशा और दिशा निर्धारित करने वाला बताया था।
भारत की कूटनीतिक सफलता
कूटनीतिक सूत्रों की मानें तो अपनी साउथ एशिया नीति में ट्रंप प्रशासन भारत को जिस तरह से प्राथमिकता दे रहा है, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों देश एक रणनीतिक और कूटनीतिक साझेदार के तौर पर उभर सकते हैं। वहीं अमरीका का चीन और पाकिस्तान को फटकार लगाना भारत की कूटनीति को मजबूती प्रदान करता है। बता देंं कि अमरीका विदेश मंत्री रेक्स टिलरसल ने कहा था कि दुनिया खासकर इंडो-पेसिफिक में भारत और अमरीका के बीच मजबूत साझेदारी समय की आवश्यक्ता है। बता दें कि 20-27 अक्टूबर तक होने वाले दक्षिण एशिया के इस दौरे में टिलरसन सऊदी अरब, कतर, पाकिस्तान, भारत और स्विट्जरलैंड जाएंगे।