विविध भारत

मौसम अलर्टः देश के कई राज्यों में बारिश की चेतावनी, पहाड़ों पर बर्फबारी से लुढ़केगा पारा

Weather Update देश के कई राज्यों में लगातार बदल रहा मौसम का मिजाज उत्तर भारत के कई इलाकों में अगले चार से पांच दिन बारिश और ओलावृष्टि के आसार जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग हुआ बंद

2 min read
Mar 04, 2021
देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। देश के ज्यादातर इलाकों में मौसम का मिजाज ( Weather Update ) बदल रहा है। पहाड़ी इलाकों में वेदर में हो रहे बदलाव के चलते लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी ( Snowfall ) के बीच बारिश ने पहाड़ी राज्यों में लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

भारतीय मौसम विभाग ( IMD ) के मुताबिक हिमाचल प्रदेश और उत्‍तराखंड के भी अधिकांश हिस्‍सों में 4 मार्च को बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

इसके साथ ही ऊंचाई वाले स्थानों पर पर बर्फीला तूफान भी दस्तक दे सकता है। वहीं दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा में तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है।

उत्तर भारत समेत देश के अधिकतर हिस्सों में सुबह और शाम की हल्की सर्दी के अलावा पूरे दिन तापमान में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। हालांकि, कहीं पर गर्मी है तो कहीं ठंड का भी असर है।

इस बीच, मौसम विभाग ने जानकारी दी है अगले तीन से चार दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसकी वजह से दिल्ली से लेकर पंजाब, गुजरात और मध्य प्रदेश तक तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।

भूस्खलन से राजमार्ग हुआ बंद
जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में भूस्खलन के चलते बुधवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया। इससे 300 गाड़ियां रास्ते में फंस गई हैं।

हर मौसम में कश्मीर को देश के बाकी हिस्से से जोड़ने वाला राजमार्ग शबनबास इलाके में भूस्खलन की वजह से अवरूद्ध हो गया। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक 4 से 7 मार्च तक घाटी में बर्फबारी के बीच बारिश थोड़ी मुश्किल बढ़ा सकती है।

मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्‍पन्‍न हो रहा है। यह 5 मार्च से प्रभाव डालना शुरू कर देगा। इसके प्रभाव के कारण 6 से 8 मार्च तक क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

इन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक 6-7 मार्च को पंजाब में हल्की बारिश की संभावना है। जबकि 7 मार्च को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ हल्की बारिश व ओले पड़ सकते हैं।

धूल भरी आंधी कर सकती है परेशान
जबकि सात मार्च को हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिम उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने के साथ आंधी की संभावना है।

राजधानी दिल्ली में मौसम का हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम लगातार करवट ले रहा है। गर्मी तो कभी सर्द हवाएं लोगों के परेशानी का कारण बनी हुई हैं। बुधवार की सुबह खुशनुमा रही और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी के मुताबिक गुरुवार को दिन में आसमान साफ बना रहेगा और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

इन इलाकों में बढ़ा तापमान
बिहार में मार्च के पहले दिन से ही लोगों को खासी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को तो प्रदेश में तापमान ने लोगों की बैचेनी बढ़ा दी। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले दो हफ्ते तक तापमान के कुछ ऐसे ही रहने के आसार हैं।

Published on:
04 Mar 2021 08:06 am
Also Read
View All