
नई दिल्ली। अयोध्यया मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने ने कहा कि पुराना फैसला उस वक्त के तथ्यों के मुताबिक था। मस्जिद में नमाज पढ़ना इस्लाम का अटूट हिस्सा नहीं है। इस मामले को बड़ी बेंच में नहीं भेजा जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का विश्व हिन्दू परिषद ने स्वागत किया है। वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र जैन ने कहा कि कोर्ट के फैसले से राम मंदिर के निर्माण में आड़े आ रही एक और बाधा दूर हो गई है।
पांच अक्टूबर को विश्व हिन्दू परिषद की बैठक
सुरेंद्र जैन ने कहा कि वीएचपी राममंदिर बनने की अनंतकाल तक प्रतीक्षा नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि अगामी पांच अक्टूबर को राम मंदिर के मुद्दे पर संतों की उच्चाधिकार समिति की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में देशभर के 30 से 35 बड़े संत हिस्सा लेंगे और राम मंदिर के साथ कारसेवा पर भी फैसला लिया जा सकता है। सुरेंद्र जैन ने बताया कि जो भी फैसला उच्चाधिकार समिति की बैठक में लिया जाएगा, उसे लागू करने के लिए वीएचपी कटिबद्ध होगी। संतो की इस बैठक के लिए विश्व हिंदू परिषद ने सभी संतों को पत्र जारी किया है और राम मंदिर निर्माण के लिए निर्णय लेने के लिए बैठक का न्योता भेजा है।
संतों को भेजा गया न्योता
कयास यह भी लगाया जा रहा है कि इस बैठक में विश्व हिंदू परिषद संत समाज ये निर्णय लेगा कि राम मंदिर मामले में आगे क्या होना चाहिए। गौरतलब है कि इस्माइल फारुखी पर आने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र जैन ने सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के मामले को बार-बार टाला जा रहा है। हर बार बस तारीख ही दी जाती है, लेकिन फैसला कोई नहीं आता। इसलिए अब हम संतों की शरण में जा रहे हैं। वहां जो भी फैसला होगा, हम उसी के साथ जाएंगे। आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले पर एक बार फिर अयोध्या पर राजनीति शुरू हो गई है।