विविध भारत

Vizag Gas Leak: राष्ट्रपति कोविंद, पीएम मोदी, अमित शाह, राहुल गांधी ने जताया शोक

पीएम मोदी ने की आंध्र सीएम से फोन पर चर्चा। सभी प्रकार की सहायता करने का दिया आश्वासन। गृह मंत्रालय-आपदा प्रबंधन के अधिकारी भी सक्रिय।
2 min read
• •
Updated: 7 May 2020, 3:32 PM IST
LG Polymers India Vizag Gas Leak
LG Polymers India Vizag Gas Leak

विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश के विजाग में गोपालपट्टनम के के आरआर वेंकटपुरम में एलजी पॉलिमर्स इंडिया में गुरुवार आधी रात को हुए गैस रिसाव में आठ लोगों की जान चली गई है जबकि करीब 5000 लोग बीमार बताए जा रहे हैं। हादसे की भयावहता देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी से बात कर उन्हें हर प्रकार की सहायता देने का आश्वासन दिया है। वहीं, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इस मामले पर दुख जताया है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने घटना के संबंध में ट्वीट करते हुए लिखा, "विशाखापत्तनम के पास एक संयंत्र में गैस रिसाव की खबर से दुखी हूं, जिसने कई लोगों की जान ले ली। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं घायलों के ठीक होने और सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं। मुझे विश्वास है कि प्रशासन जल्द से जल्द स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है।"

इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "विशाखापत्तनम की स्थिति के बारे में एमएचए और एनडीएमए के अधिकारियों से बात की, जिस पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। मैं विशाखापत्तनम में सभी की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं।"

वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, "विजाग की घटना परेशान करने वाली है। एनडीएमए के अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों से बात की है। हम स्थिति पर लगातार और बारीकी से नजर रख रहे हैं। मैं विशाखापत्तनम के लोगों की भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं।"

इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट किया, "विशाखापत्तनम में दुखद गैस रिसाव के बारे में सुनकर गहरी पीड़ा हुई। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, मैं सभी की सलामती की प्रार्थना करता हूं। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से सभी स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रशासन के साथ समन्वय में हर संभव राहत प्रदान करने का आग्रह करता हूं।"

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लिखा, "मैं #VizagGasLeak के बारे में सुनकर हैरान हूं। मैं क्षेत्र में हमारे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से आग्रह करता हूं कि वे प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता और सहायता प्रदान करें। जिनकी जानें चली गई हैं, उन लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं प्रार्थना करता हूं कि वे अस्पताल में भर्ती शीघ्र स्वस्थ हों।"

गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि एनडीआरएफ की टीमों को आवश्यक राहत उपाय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। लगातार निगरानी की जा रही है। अभूतपूर्व और दुर्भाग्यपूर्ण घटना में सैकड़ों लोग प्रभावित हुए। भारत सरकार के गृह सचिव से बात की और उनसे आवश्यक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया।

गौरतलब है कि गुरुवार सुबह विजाग में स्थित एलजी पॉलीमर्स इंडिया प्लांट से कथित गैस रिसाव के कारण दो बुजुर्गों और एक 8 वर्षीय लड़की समेत कम से कम आठ व्यक्तियों की मृत्यु हो गई और 5,000 से अधिक लोग बीमार हो गए।

Updated on:
7 May 2020, 3:32 PM IST
Published on: