
नई दिल्ली। दिल्ली एनसीआर ( Delhi NCR ) में पिछले कुछ दिनों के दौरान तापमान गिरावट ( Temperature drop ) आई है। साथ ही तेज हवा के चलने से लोगों को उमस से भी राहत मिली है। अब मॉनसून ( Monsoon ) का इंतजार भी 24 घंटे के अंदर खत्म हो सकता है।
भारतीय मौसम विभाग ( IMD ) के मुताबिक दिल्ली में मॉनसून 24 घंटे के अंदर दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के उप महानिदेशक आनंद शर्मा ने बताया कि दिल्ली में पहले मॉनसून के 27 जून तक पहुंचने की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन अब मॉनसून के दो दिन पहले यानि 25 जून तक दिल्ली पहुंचने के आसार हैं। इस बात को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट ( Orange Alert ) भी जारी कर दिया गया है।
IMD ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ( South West Monsoon ) उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में और आगे बढ़ गया है। अब दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और राजस्थान के शेष हिस्सों में आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली में बुधवार और बृहस्पतिवार को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के एक्सपर्ट का कहना है कि इस बार समय से पहले मानसून के दिल्ली पहुंचने के लिए चक्रवाती प्रणाली ( Cyclone System ) को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है जो 19 और 20 जून को दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ा और मानसून के आगे बढ़ने में मदद की।
बता दें कि शुक्रवार से लेकर रविवार तक सुबह के समय हल्की बारिश हुई थी। सोमवार और मंगलवार को दिल्ली एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 37 डिग्री दर्ज किया गया।
दिल्ली में आर्द्रता का स्तर 63 से 86 प्रतिशत के बीच रहा। अगले तीन दिन में दिल्ली में बारिश होने की संभावना है और अधिकतम तापमान 36 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
हरियाणा और पंजाब ( Haryana and Punjab ) में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा में अंबाला में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के लिए सामान्य से एक डिग्री कम है। हिसार में तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि करनाल में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से तीन डिग्री कम है।
इसी तरह पंजाब के लुधियाना और पटियाला में भी अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे क्रमश: 36.6 और 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पूर्वी यूपी में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। राज्य में छिटपुट जगहों पर भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 24, 25 और 26 जून को राज्य के अधिकांश स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
राजस्थान के भी अधिकांश हिस्सों में गर्मी जारी रही है। गंगानगर सबसे गर्म स्थान रहा जहां तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।