विविध भारत

Weather Update: शीतलहर की चपेट में दिल्ली समेत उत्तर भारत, इस राज्य में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट

Weather Update देशभर में जारी सर्दी का सितम शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत के कई राज्य घने कोहरे के आगोश में राजधानी दिल्ली, लुढ़का पारा

2 min read
Dec 24, 2020
घने कोहरे की चपेट में दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्य

नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज ( weather update ) लगातार बदल रहा है। अधिकांश राज्यों में सर्दी का सितम जारी है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी ( Snowfall ) के बीच मैदानी इलाकों में शीतलहर ( Cold Wave ) का असर साफ दिखाई दे रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आने वाले तीन से चार दिन तक राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के ज्यादातर इलाके शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में रहेंगे।

आईएमडी के मुताबिक 26 दिसंबर के बाद भी दिल्ली में शीतलहर परेशानी बढ़ा सकती है। वहीं गुरुवार और शुक्रवार को घने कोहरे की भी संभावना जताई है। दक्षिण राज्यों में अब भी बारिश के आसार बने हुए हैं।

दिल्ली में लुढ़का पारा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया। मौसम विभाग के कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान 3-4 डिग्री रहने का अनुमान है। यानी दिल्लीवासियों को अभी कुछ और दिन कड़ाके की ठंड से जूझना होगा।

उत्तर भारत के कई इलाकों में 5 डिग्री से नीचे पारा
उत्तर भारत में भी इस वक्त कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई राज्यों में शीतलहर का साफ असर दिखाई दे रहा है, इसके चलते कई इलाकों में पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।

पंजाब और हरियाणा में भी शीत लहर चल रही है। पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अमृतसर भी सर्दी की चपेट में है और वहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा भी ठंड की चपेट में है और अम्बाला में रात में तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

छाया रहा घना कोहरा
गुरुवार सुबह को पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाके घने कोहरे की चपेट में दिखाई दिए। अमृतसर और बरेली में विजिबिलिटी 25 मीटर रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा पालम में 50 मीटर और बहराइच में 200 मीटर विजिबिलिटी रही।

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बहुत घने कोहरे की स्थिति गुरुवार को देखी गई है।

पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के आसार
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भीषण शीतलहर जारी है। यहां कई जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया है। मौसम विभाग के मुताबिक यहां 26 से 27 दिसंबर के बीच बारिश होने या बर्फबारी की संभावना है।

जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
बिहार में भी 'कोल्ड डे' के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। वहीं मौसम विभाग ने यहां 24 दिसंबर को भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद भी हालात सुधरने की गुंजाइश कम ही दिख रही है। हालांकि मौसम विभाग की तरफ से 25 और 26 दिसंबर के लिए फिलहाल कोई अलर्ट नहीं है।

Published on:
24 Dec 2020 07:41 am
Also Read
View All