घना कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी बहुत कम रही। दिल्ली एनसीआर की सड़कों पर सुबह के समय वाहन रेंगते नजर आए।
नई दिल्ली। रविवार को एक बार फिर देश की राजधानी दिल्ली सहित आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी भी बहुत कम रही। इसका सीधा असर वाहनों की गति पर पड़ा और दिल्ली एनसीआर की सड़कों पर वाहन सुबह के समय रेंगते नजर आए। खासकर कश्मीरी गेट, जीटी करनाल रोड, आनंद विहार, आईटीओ, रोहतक रोड पर कोहरे की वजह से नजदीक की चीजें भी नहीं दिखाई दे रही थी।
मौसम विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अभी तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस है। तापमान में कम गिरावट से लोगों को ठंड से राहत मिली है। जानकारी के मुताबिक आज दिन भर आसमान में कोहरा छाया रहेगा। अगले दो दिन भी इसी तरह से कोहरा छाया रहेगा। इसी के साथ ही न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।
आपको बता दें दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से सुबह के समय घना कोहरा लगातार छाया रहता है। जम्मू-कश्मीर में बर्फवारी की वजह से एक बार फिर सर्दी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।