
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में तकरार काफी बढ़ चुकी है। बीजेपी का दावा है कि उत्तर 24 परगना के हलिशहर में शनिवार को उसके कार्यकर्ताओं पर टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने हमला किया। इसमें एक की मौत हो गई। वहीं 6 कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आई हैं।
भाजपा की ओर से ट्वीट किया गया है कि एक और दिन, एक और हत्या। हलिशहर में कार्यकर्ता सैकत भवाल की टीएमसी के गुंडों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई। वहीं छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
घायलों को इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सैकत भवाल पर हमला तब हुआ जब वो पार्टी के लिए डोर टू डोर कैंपेन कर रहे थे।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि यह घटना व्यक्तिगत दुश्मनी का ही फल है। भाजपा नेता मुकुल रॉय का कहना है कि आरएसएस कार्यकर्ता और छह नबंर वॉर्ड हलिशहर के रहने वाले सैकत भवाल को मार डाला गया। पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र खत्म हो गया है।