
Ambikapur news, अस्पताल में रोते-बिलखते नवविवाहिता के परिजन (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। मैनपाट निवासी एक नवविवाहिता को 17 सितंबर को गंभीर हालत में अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसने चूहामार दवा का सेवन (Newly married girl died) कर लिया था। इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतका के परिजन ने ससुराल वालों पर प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता का कहना है कि 4 माह पहले ही बेटी की शादी हुई थी। बेटी ने उसे 15 सितंबर को फोन कर कहा था कि पति पेट पर चढक़र उसका गला दबा रहा था। वहीं 17 सितंबर को उसने व्हाट्सएप मैसेज में लिखा कि पापा, मैं नहीं जी सकती, सुकून से मरने दीजिए। इसके कुछ ही देर बाद दामाद ने फोन कर कहा कि वर्षा (पत्नी) ने चूहामार दवा खा ली है, हम उसे मिशन अस्पताल लेकर जा रहे हैं। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सूरजपुर के वार्ड क्रमांक 13 प्रगतिनगर निवासी वर्षा यादव पिता उमेश यादव 20 वर्ष की शादी सामाजिक रीति-रिवाज मई 2026 में मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव से हुई थी। वर्षा का एडमिशन बिश्रामपुर स्थित कॉलेज में कराया गया था। इसी बीच 17 सितंबर को अजय यादव ने अपने ससुर को फोन कर बताया कि वर्षा की तबियत खराब हो गई है, उसे मिशन अस्पताल अंबिकापुर ले जा रहे हैं। कुछ देर बाद उसने दोबारा फोन कर कहा कि वर्षा ने चूहामार (Rat kill Poison) दवा खा ली है।
यह बात सुनकर पिता समेत अन्य परिजन मिशन अस्पताल पहुंंचे। यहां आईसीयू में भर्ती कर उसका इलाज चल रहा था। 19 सितंबर को वर्षा ने पिता को बताया कि उसके ससुराल वाले ठीक नहीं हैं। इसी बीच इलाज के दौरान 22 सितंबर की सुबह उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर मारपीट व प्रताडऩा (Beaten and torture) का आरोप लगाया है। इधर पुलिस ने पीएम पश्चात शव उसके परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस को दिए बयान में नवविवाहिता के पिता ने बताया कि वह ढाबा का संचालन करता है। उसने बताया कि वर्षा एमएससी की पढ़ाई करना चाहती थी। इसके लिए उसके ससुराल वाले सहमत हो गए थे। बिश्रामपुर में उसका एडमिशन होना था। इस बीच 12 अगस्त को दामाद उसे घर से आकर मैनपाट ले गया था। 15 सितंबर को वर्षा ने फोन कर कहा कि ससुराल वाले ठीक नहीं हैं।
पति पेट पर चढक़र उसका गला दबा रहे थे। इस पर उसने बेटी (Newly married daughter) को समझाइश देते हुए कहा कि छोटा-मोटा झगड़ा चलता रहता है, मैं तुम दोनों से मिलकर बात करूंगा। उसने बताया कि इसी बीच 17 सितंबर को बेटी ने 12 बजे व्हाट्सएप में मैसेज किया कि पापा, मैं जीना नहीं चाहती, सुकून से मरने दीजिए। इसके कुछ देर बाद ही दामाद ने फोन कर बताया कि वर्षा की तबियत खराब है, हम लोग उसे मिशन अस्पताल अंबिकापुर ले जा रहे हैं।
फिर दोबारा फोन कर कहा कि वर्षा ने चूहामार दवा खा ली है। जब वह अस्पताल पहुंचा तो वह कुछ बोल नहीं पा रही थी। दूसरे दिन तबियत में थोड़ा सुधार आने पर उसने बस इतना ही कहा कि ससुराल वाले ठीक नहीं हैं। उसने अपनी चाची को उसके साथ मारपीट होने की फोटो व रिकॉर्डिंग सुनाया था। वहीं उसने बताया कि 18 सितंबर को दामाद उससे पैसों की मांग करते हुए प्रेशर बना रहा था।
इधर नवविवाहिता के पति ने कहा कि वर्षा बिश्रामपुर में किराए के मकान में रहका पढऩा चाह रही थी। 17 सितंबर को उसने अचानक चूहामार दवा खा ली। फिर हमलोग उसे अस्पताल लेकर आए। यहां 4 दिन तक चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
Updated on:
22 Sept 2026 02:49 pm
Published on:
22 Sept 2026 02:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
