
नई दिल्ली। आज यानि कि 11 जुलाई को पूरे देश में विश्व जनसंख्या दिवस (World Population Day) मनाया जा रहा है। इस दिन पूरी दुनिया में तेजी से बढ़ रही जनसंख्या को लेकर चिंता व्यक्त की जाती है और जनसंख्या को कंट्रोल करने के लिए योजनाएं और मुहिम चलाई जाती है। कहना गलत नहीं होगा कि दुनिया के कुछ देशों में जिस तेजी से आबादी बढ़ रही है वो अपने अपने विनाश की ओर बढ़ रहे हैं। भारत देश को ही ले लीजिए जो कि पूरे विश्व की धरती का कुल 2.4 फीसदी हिस्सा है और बात करें यहां कि आबादी की तो वो पूरी दुनिया की आबादी का पांचवे हिस्से के बराबर है। और सुनिए भारत में जिस तेजी से आबादी बढ़ रही है, उस हिसाब से हर साल एक ऑस्ट्रेलिया देश हमारे यहां पैदा हो जाता है।
इन पांच देशों की आबादी है सबसे ज्यादा
इस साल विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर जो थीम है वो है 'परिवार नियोजन एक मानव अधिकार है'। यहां परिवार नियोजन को मनावधिकार से जोड़ा गया है जोकि कुछ समय पहले तक एक सेहत संबंधी मुद्दा था। वैसे आज के दिन हर किसी को ये जानना भी जरूरी है कि आखिर दुनिया के अंदर वो कौन से देश हैं, जिनकी तेजी से बढ़ती आबादी दुनिया को विनाश की ओर धकेल रही है।
- तेज गति से जनसंख्या वृद्धि के मामले में सबसे पहले तो एशिया के देशों की बात करते हैं, जिसमें भारत, चीन, पाकिस्तान मुख्य रूप से आते हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी वाला देश चीन है। चीन की जनसंख्या की बात करें तो वो 1 अरब 38 करोड़ 65 लाख 70 हजार है। चीन की आबादी पूरी दुनिया की आबादी का 18.3 प्रतिशत है। ऐसा नहीं है कि चीन में बढ़ती आबादी को लेकर वहां की सरकार ने कोई जरूरी कदम नहीं उठाए हैं, लेकिन उसके बाद भी आबादी पर काबू नहीं पाया जा रहा है।
- चीन के बाद बात आती है एशिया के दूसरे सबसे बड़ी आबादी वाले देश की जो है भारत, जी हां भारत भी आबादी के मामले में चीन को टक्कर दे रहा है। भारत की आबादी 1 अरब 32 करोड़ 17 लाख 10 हजार है, जो कि दुनियां में नंबर 2 पर है। जहाँ दुनियाभर की लगभग 17.5 प्रतिशत आबादी रहती हैं।
- इसके बाद यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमरीका आबादी के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश है। अमरीका की कुल जनसंख्या 32 करोड़ 5 लाख 22 हजार है।
- इंडोनेशिया आबादी के लिहाज से चौथे नंबर पर है। वैसे इंडोनेशिया की आबादी का आधिकारिक आंकड़ा तो नहीं है, लेकिन वहां की अनुमानित जनसंख्या 26 करोड़ 18 लाख 90 हजार 900 है।
- जनसंख्या वृद्धि तो पाकिस्तान में भी तेजी से हो रही है। आबादी के मामले में पाकिस्तान दुनिया के अंदर पांचवे नंबर पर आता है। पाकिस्तान की कुल जनसंख्या लगभग 20 करोड़ 90 लाख और 24 हजार है। पाकिस्तान में दुनियाभर की लगभग 2.76 प्रतिशत जनसंख्या है।