
यस बैंक संकट पर सियासी जंग भी तेज हो गई है। इसे लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। दोनों पार्टियों की ओर से एक-दूसरे पर तंज कस रही हैं। ताजा मामले में भाजपा इस संकट को गांधी परिवार से जोड़ रही है, जबकि कांग्रेस इसके लिए पीएम मोदी और वित्त मंत्री को जिम्मेदार ठहरा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के कार्यकाल में ही यस बैंक को सबसे ज्यादा ऋण बांटा गया है।
आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला उस वक्त शुरू हुआ, जब भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी अमित मालवीय ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह ट्वीट किया कि- 'भारत में होने वाली हर वित्तीय गड़बड़ियों के तार गांधी परिवार से ही जुड़ते है। मामला चाहे भगोड़े माल्या का हो, जो सोनिया गांधी के टिकटों को अपग्रेड करवाते थे। उनकी पहुंच पूर्व पीएम मनमोहन सिंह तथा तत्कालीन वित्तमंत्री पी चिदंबरम तक थी। राहुल गांधी ने डिफाल्टर नीरव मोदी की ज्वेलरी शाप का उद्घाटन किया था और राणा कपूर ने प्रियंका गांधी वाड्रा की पेंटिंग खरीदी हैं।'
उधर, कांग्रेस ने बीजेपी के इन आरोपों को आधारहीन बताया। कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी के अनुसार- प्रियंका गांधी ने एमएफ हुसैन की ओर से बनाई गई अपने पिता राजीव गांधी की एक पेंटिंग नीलाम की थी। यह बैंक के सर्वेसर्वा राणा कपूर ने इसे दो करोड़ रुपए में खरीदा था। चेक के माध्यम से इसकी पेमेंट की गई। प्रियंका ने इस बात की जानकारी अपनी इनकम टैक्स रिटर्न में भी दी थी। सिंघवी ने पलटवार किया कि- 'क्या मालवीय यह जानकारी देंगे कि 2014 के बाद पांच साल में यस बैंक की लोन बुक में 2 लाख करोड़ रुपए की वृद्धि कैसे हो गई।' उन्होंने आरोप लगाया कि सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी नोटबंदी के दौरान हुई।