
लापाज। बोलिविया की अंतरिम राष्ट्रपति जीनिन अंज ने आम चुनाव से करीब तीन माह पहले ही अपने सभी मंत्रियों से इस्तीफे की मांग की है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से रविवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। देश में तीन मई को राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। कार्यालय ने कहा कि अंज ने लोकतांत्रिक परिवर्तन के लिए सभी मंत्रियों से इस्तीफे मांग की है।
अंज ने पहले चुनाव नहीं लड़ने का किया था ऐलान
बयान के अनुसार चुनावी चक्र में इस तरह के बदलाव आम है। राष्ट्रपति चुनाव में अंज की अपनी उम्मीदवारी पेश करने के निर्णय के खिलाफ संचार मंत्री रोक्सना लिजाररगा के इस्तीफा देने के कुछ घंटों बाद यह खबर आई है।
अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर सबको चौंकाया
अंज ने 12 नवंबर को अंतरिम राष्ट्रपति का कार्यभार संभालते समय कहा था कि हमेशा के लिए इस पद पर काबिज रहने की उनकी कोई इच्छा नहीं है। शुक्रवार को अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर उन्होंने सबको चौंका दिया था।