
वाशिंगटन।कोरोना वायरस (Coronavirus) के संक्रमण के कारण दुनियाभर में लॉकडाउन की स्थिति है। इससे फूड सप्लाई (food supply) की समस्या सामने आ रही है। कुछ फूड कंपनियों ने चेतावनी दी है कि लॉकडाउन (Lockdown) के कारण खाने की पहुंच प्रभावित हो सकती है। अगर सरकारें वक्त रहते इस पर कोई बड़ा कदम नहीं उठाती हैं तो दुनिया को भुखमारी का सामना करना पड़ सकता है। इस समस्या से जूझने वाले लोगों की संख्या दोगुनी हो जाएगी।
एक रिपोर्ट के मुताबिक यूनिलिवर, नेस्ले, पेप्सिको, किसानों से जुड़े कुछ संगठन,यूएन फाउंडेशन, अकादमिक लोग और सिविल सोसायटी वाले कुछ समूहों ने इस बारे में दुनियाभर के नेताओं को जानकारी दी है। इन्होंने कहा है कि अगर देश अपनी सीमा पर खाने की सप्लाई नहीं खोलते हैं तो गरीब और बेसहारा लोगों के सामने गंभीर संकट खड़ा होगा। इन्होंने पर्यावरण के अनुकूल फूड के प्रोडक्शन में निवेश करने की सलाह दी है।
किसानों की मदद के लिए आगे आना होगा
इन संस्थाओं ने मिलकर सभी सरकारों से कहा है कि वो कोरोना वायरस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भुखमरी और मानवीय संकट न बनने दें। ओपन ट्रेड को संभालना जरूरी है। इनका कहना है कि फूड सप्लाई चेन को तोड़ने के बजाए किसानों की मदद करनी चाहिए। इसके साथ उन्हें सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए।
इस समस्या से निपटने के लिए कई पूर्व सरकारों के मुखियाओं ने भी आवाज उठाई है। जी20 देशों के ऊपर इस दिशा में काम करने का दवाब बढ़ रहा है। इसी हफ्ते पूर्व की सरकारों में मुखिया रह चुके टोनी ब्लेयर, गार्डन ब्राउन और निकोलस सरकोजी जैसे लोगों ने जी20 देशों को इससे निपटने की सलाह दी है।
मौजूदा वक्त में 80 करोड़ लोग भुखमरी के शिकार
इस समय दुनिया भर में खाने के सामानों की दूसरे देशों में सप्लाई पर बैन लगा हुआ है। यूएन फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन ने इस दिशा में चिंता जाहिर की है। संगठन की तरफ से कहा गया है कि फसलों की अच्छी कटाई हुई है और पूरी दुनिया को खिलाने के लिए पर्याप्त अन्न है। सरकारें अपने यहां लगाए प्रतिबंधों को नहीं हटाते हैं तो खाद्यान्न की कमी हो सकती है।
समूह का यह भी कहना है कि जैसे-जैसे लोगों की नौकरी जाएगी और लॉकडाउन या बीमारी की वजह से आमदनी घटेगी, भुखमरी की समस्या बढ़ती जाएगी। एक आंकड़े के मुताबिक पूरी दुनिया की करीब 80 करोड़ आबादी मौजूदा वक्त में भुखमरी से जूझ रही है। कोरोना वायरस की वजह से ये आंकड़ा दोगुना भी हो सकता है।