विश्‍व की अन्‍य खबरें

Coronavirus: ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन की तबीयत बिगड़ी, आईसीयू में भर्ती कराया

Highlights 10 दिन पहले बोरिस जॉनसन के कोरोना से पीड़ित होने की पुष्टि हुई थी। विदेश मंत्री डॉमिनिक राब देखेंगे कामकाज।
2 min read
• •
Updated: 7 Apr 2020, 3:18 PM IST
boris jhonson
बोरिस जॉनसन

लंदन। ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की हालत बिगड़ती देख सोमवार देर रात उन्हें अस्पताल के आईसीयू वॉर्ड में भर्ती कराया गया। उन्हें नियमित टेस्ट के लिए अस्पताल लाया गया था। मगर यहां पर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। 10 दिन पहले बोरिस जॉनसन के कोरोना से पीड़ित होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से उन्हें डाउनिंग स्ट्रीट में क्वारंटीन किया गया था। वह अपना कामकाज वहीं से कर रहे थे। अब उनका कार्यभार विदेश मंत्री डॉमिनिक राब संभालेंगे।

गौरतलब है कि बोरिस को मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल लाया गया था। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्विटर पर दी थी। जॉनसन ने लिखा कि डॉक्टर की सलाह पर कुछ रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल गया था क्योंकि उनमें अभी भी कोरोना के लक्षण हैं। वे अपनी टीम के संपर्क में हैं। उन्होंने एक अन्य ट्वीट किया था कि वह एनएचएस के सभी होशियार स्टाफ का आभार जताना चाहते हैं जो इस कठिन वक्त में उनके और अन्य लोगों का ख्याल रख रहे हैं। सभी सुरक्षित रहें और एनएचएस और जिंदगियां बचाने के लिए घरों में रहें।

ब्रिटिश पीएमओ ने किया था ट्वीट

रविवार को ब्रिटिश पीएमओ ने भी जानकारी देते हुए कहा था कि उन्हें एक अस्पताल में डॉक्टरों की सलाह पर भर्ती कराया गया है। इस दौरान कहा गया था कि ऐसी कोई परेशान होने वाली स्थिति नहीं है। इस दौरान जॉनसन ही सरकार के मुखिया के तौर पर काम करते रहेंगे। पीएमओ ने इसे ऐहतियाती कदम बताया था। आइसोलेशन के दौरान भी ब्रिटिश पीएम ने कई वीडियो संदेश भी जारी किए थे। शुक्रवार को एक वीडियो मेसेज में 55 वर्षीय जॉनसन ने कहा था कि वह पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं।

जॉनसन की मंगेतर में भी कोरोना के लक्षण

प्रधानमंत्री जॉनसन की प्रेग्नेंट मंगेतर कैरी सायमंड्स भी सेल्फ-आइसोलेशन में हैं। उन्होंने रविवार को इसकी जानकारी दी है। उनमें भी कोरोना वायरस के लक्षण हैं। फिलहाल वह आराम कर रही हैं और पहले से बेहतर हैं। कैरी ने ट्वीट कर लिखा कि COVID-19 के साथ प्रेग्नेंसी चिंताजनक होती है। दूसरी प्रेग्नेंट महिलाएं, कृप्या ताजा गाइडलाइन्स पढ़िए और पालन कीजिए, जो मुझे बहुत सही लगीं।

Updated on:
7 Apr 2020, 3:18 PM IST
Published on: