
न्यूयॉर्क। पाकिस्तान के रिपोर्टरों पर तंज कसने के बाद अमरीकी राष्ट्रपति ने भारत के पत्रकारों के लिए भी बड़ी टिप्पणी की है। पीएम मोदी के साथ मीडिया को संबोधित करने बैठे ट्रंप ने भारतीय पत्रकारों के लिए भी वही शब्द बोलें। हालांकि, इस बार उनके लहजे और मायने अलग थे। ट्रंप ने भारतीय पत्रकारों की तारीफ की।
आपके रिपोर्टर शानदार हैं: मोदी से ट्रंप
मंगलवार को पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के बारे भारतीय पत्रकारों ने जब सवाल किया तो ट्रंप ने पीएम मोदी की तरफ इशारा करते हुए कहा, 'आपके रिपोर्टर शानदार हैं। काश! मेरे पास भी ऐसे पत्रकार होते। अब तक जिन भी पत्रकारों को देखा है, ये उन सब में सबसे बेहतर हैं।' ट्रंप ने आगे पूछा कि कहां से मिले आपको ये रिपोर्टर्स? ट्रंप की यह बात सुनकर पीएम मोदी समेत हर कोई मुस्कुरा रहा था।
पाक पत्रकारों की उड़ाई थी खिल्ली
आपको बता दें कि इससे पहले सोमवार को जब ट्रंप से पाक पीएम इमरान खान मिले थे, उस दौरान अमरीकी राष्ट्रपति ने पाक पत्रकारों की काफी खिंचाई की थी। ट्रंप ने कश्मीर मुद्दे पर पत्रकारों के सवाल पर काफी चुटकी ली थी। पाक पत्रकारों की ओर से कश्मीर मुद्दे पर एक के बाद एक झूठे सवालों की जब ट्रंप ने खिल्ली उड़ानी शुरू की तो एक बार को इमरान खान भी शर्मा गए।
कहां से मिले ऐसे पत्रकार?
इस दौरान एक पाकिस्तानी पत्रकार के कश्मीर मुद्दे पर सवाल पर राष्ट्रपति ट्रंप ने यहां तक कह दिया था कि क्या वह पाक पीएम की टीम का है? ट्रंप ने कहा, 'क्या आप इमरान खान की टीम में हैं? आप सवाल नहीं पूछ रहे हैं, आप बयान दे रहे हैं।' ट्रंप ने उस दिन पाक पीएम से कटाक्ष करते हुए कहा था कि आपको इनके जैसे पत्रकार कहां से मिले?