
वाशिंगटन। वाइट हाउस से तीन किलोमीटर दूर गुरुवार को फायरिंग की घटना सामने आई है। इस मामले में अभी तक किसी तरह की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अब तक एक मौत और पांच लोगों के घायल होने की खबर है। यह मामला गुरुवार रात का बताया जा रहा है। आसपास के लोगों का कहना है कि देर रात को गोलियों की आवाज सुनाई दी। अमरीकी प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 सितंबर को अमरीकी यात्रा पर हैं। इससे पहले इस तरह की घटना का होना सुरक्षा की दृष्टि से खतरा समझा जा रहा है।
इससे पहले भी कई बार वाइट हाउस के पास संदिग्ध गतिविधियों में लोगों को पकड़ा गया है। 9/11 हमलों में भी आतंकियों ने वाइट हाउस पर हमला किया था जो नाकाम साबित हुआ। बताया जा रहा है कि अमरीका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में देर रात गोलीबारी हुई है। इस हादसे में कई और लोगों के मारे जाने की आशंका है। मीडिया के अनुसार, राजधानी की गलियों में देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट सुनी गई। इसके बाद कई एंबुलेंस में लोगों को अस्पताल लेकर जाते हुए देखा गया है।