विश्‍व की अन्‍य खबरें

यूरोप में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, यूरोपीय इतिहास का सबसे अधिक तापमान 48.8C इटली के सिसिली में हुआ दर्ज

Sicily Registers Record High Temperature: इटली के सिसिली (Sicily) के आइलैंड पर 48.8 डिग्री सेल्सियस (119.84 फॉरेनहाइट) तापमान दर्ज किया गया, जो कि अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

2 min read
Aug 16, 2021
High Temperature 48.8C Record Registers In Sicily Italy, Europe Suffer Heat Wave

रोम। ग्लोबल वार्मिंग (Galobal Warming) की बढ़ती समस्या की वजह से दुनियाभर के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। कहीं पर बेमौसम अधिक बारिश तो कहीं पर गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। अब इटली में इन दिनों लोगों को गर्मी का सितम झेलना पड़ रहा है। लगातार बढ़ते तापमान की वजह से लू और गर्मी ने कहर बरपा रखा है। यही कारण है कि इटली में यूरोपीय इतिहास का सबसे अधिक तापमान बुधवार को दर्ज की गई।

जानकारी के मुताबिक, इटली के अधिकारियों ने बताया है कि सिसिली (Sicily) के आइलैंड पर 48.8 डिग्री सेल्सियस (119.84 फॉरेनहाइट) तापमान दर्ज किया गया, जो कि अब तक का सबसे अधिक तापमान है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर विश्व मौसम संगठन (World Meteorological Organization, WMO) की ओर से इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले 1977 में एथेंस में अधिकतम 48 डिग्री सेल्सियस के तापमान दर्ज किया गया था।

इस वजह से बढ़ रहा है तापमान

वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह जलवायु संकट है जो गर्म हवाओं और आग जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा है। बता दें कि दक्षिणी यूरोप के जंगलों में बीते कई हफ्तों से भीषण आग लगी है। आग की लपटें भूमध्य सागर से ट्यूनीशिया और अल्जीरिया तक फैल चुकी है। इसके अलावा, ग्रीस के जंगलों में लगी आग का कहर देखने को मिल रहा है और यहां पर भी तापमान 47 डिग्री पार कर चुका है। इस भीषण आग की वजह से इटली के सार्डेनिया द्वीप को भी काफी नुकसान हुआ है। वैसे जुलाई में भी यूरोप के पश्चिमी हिस्से में तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया था।

इधर, जंगलों में लगी आग को बुझाने का कार्य जारी है। साथ ही इटली की राजधानी रोम के पूर्व में राहत कार्यों के तहत लोगों को निकालकर सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा रहा है। इटली के प्रधानमंत्री मारियो द्राघी (Mario Draghi) ने गुरुवार को जंगलों में लगी आग की वजह से प्रभावित लोगों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की।

साथ ही आश्वासन दिया कि जल्द ही आग जैसी प्राकृतिक आपदाओं पर काबू पाने के लिए समुदाय के उन लोगों के लिए आर्थिक सहायता का वादा किया जो जंगलों में लगे आग के कारण प्रभावित हुए हैं। साथ ही प्रधानमंत्री ने ऐसी योजना बनाने का आश्वासन दिया जिसे जंगलों के इलाके में प्राकृतिक आपदाओं को रोका जा सके।

सिसिली में आग से तबाही

जानकारी के अनुसार, गर्मी की वजह से सिसिली और कैलाब्रिया में 500 से ज्यादा जगहों पर आग लगी है। आग बुझाने के काम में पांच विमानों को लगाया गया है। आग की वजह से कम से कम चार लोगों की पिछले हफ्ते मौत हुई थी। सिसिली में आग से पेड़ नष्ट हो रहे हैं और द्वीप के दक्षिणी और मध्य भागों में संपत्ति को खतरा है।

Updated on:
16 Aug 2021 01:35 am
Published on:
16 Aug 2021 01:24 am
Also Read
View All