आईएमएफ प्रमुख लगार्ड ने कठुआ गैंगरेप को वीभत्स घटना करार देते हुए प्रधानमंत्री मोदी से महिला सुरक्षा के मुद्दे पर और ध्यान देने की अपील की है।
नई दिल्ली। कठुआ में आठ साल की बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या की घटना के बाद महिला सुरक्षा को लेकर मोदी सरकार बैकफुट पर है। इस मसले पर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रमुख क्रिस्टीन लगार्ड ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस घटना को वीभत्स करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से महिला सुरक्षा के मुद्दे पर और ध्यान देने की अपील की। आपको बता दें कि गुरुवार को ही ब्रिटेन में प्रधानमंत्री ने कठुआ रेप केस को लेकर बयान दिया था।
यह मेरी निजी राय है, आइएमएफ की नहीं
आईएमएफ प्रमुख ने पत्रकारों के साथ हुई एक वार्ता में कहा, 'मैं जब पिछली बार दावोस में थी तो प्रधानमंत्री मोदी के भाषण के बाद मैंने उनसे कहा था कि उन्होंने भारत की महिलाओं का पर्याप्त रूप से जिक्र नहीं किया और सवाल सिर्फ उनके बारे में बातें करने का नहीं है। हालांकि साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि यह उनकी निजी राय है, यह आईएमएफ की राय नहीं है। आपको बता दें कि चार महीनों में दूसरी बार लगार्ड ने प्रधानमंत्री से महिला सुरक्षा पर कदम उठाने की अपील की है। इससे पहले दावोस में विश्व आर्थिक समिट में लगार्ड ने पीएम मोदी का भाषण सुनकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्होंने भारत में महिलाओं की स्थिति का पर्याप्त जिक्र नहीं किया।
लंदन से मोदी ने किया था इंसाफ का वादा
प्रधानमंत्री मोदी ने लंदन के टाउन हॉल में अपने संबोधन के दौरान भारत की बेटियों को इंसाफ दिलाने का वादा किया और कहा कि दुष्कर्म की घटनाओं का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। आपको बता दें कि लंदन में लोगों ने प्रधानमंत्री का विरोध करते हुए 'मोदी वापस जाओ' के नारे भी लगाए। गौरतलब है कि भारत में लंबे समय से महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म की वारदातें हो रही हैं, जिनको लेकर देश में बेहद आक्रोश है। कई राज्यों ने इसके संबंध में कानूनों को सख्त किया है, लेकिन फिर भी वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है।