यह पाबंदियां इराक में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर ईरान द्वारा मिसाइल स्ट्राइक की वजह से लगाई गई हैं।
वाशिंगटन। अमरीका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है। हालात अभी भी काबू से बाहर हैं। इस बीच खबर सामने आई है कि अमरीका की ट्रंप सरकार ने शुक्रवार को ईरान पर कुछ नई पाबंदियां लगा दी हैं। यह पाबंदियां इराक में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर ईरान द्वारा मिसाइल स्ट्राइक की वजह से लगाई गई हैं।
विदेश और वित्त मंत्री ने की प्रतिबंधों की घोषणा
अमरीका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ और वित्त मंत्री स्टीवन म्नुचिन ने के अनुसार नए प्रतिबंध मध्य पूर्व में अस्थिरता बढ़ाने वाली गतिविधियों पर लगाए गए हैं। इसके साथ-साथ मंगलवार की मिसाइल स्ट्राइक में शामिल आठ वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं।
ईरान के कई सेक्टर पर असर करेंगे प्रतिबंध
म्नुचिन के अनुसार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरानी कपड़ा, निर्माण, विनिर्माण या खनन आदि व्यवसायों को लेकर प्रतिबंध लगाने के लिए आदेश जारी करेंगे। वे इस्पात और लौह क्षेत्रों के खिलाफ अलग-अलग प्रतिबंध भी लगाएंगे।
ईरान को करना पड़ा आर्थिक कठिनाई का सामना
उन्होंने आगे कहा कि इन कार्यों के परिणामस्वरूप हम ईरानी शासन को मिलने वाली अरबों डॉलर की सहायता में कटौती करेंगे। गौरतलब है कि ट्रंप सरकार ने 2015 के परमाणु समझौते के तहत ढील दिए गए सभी अमरीकी प्रतिबंधों को पहले ही बहाल कर दिया है। इससे ईरान में आर्थिक कठिनाई पैदा हो गई है और उसके तेल निर्यात में ऐतिहासिक कमी आई है।
सुलेमानी की हत्या के बाद दोनों देशों में है तनातनी
गौरतलब है कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर ईरानी सेना के जनरल कमांडर कासिम सुलेमानी की हत्या के बाद दोनों देशों के बीच तनातनी जारी है। बीते दिनों अमरीका ने इराक की राजधानी बगदाद में हवाई हमला कर ईरान के टॉप कमांडर कासिम को मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद तेहरान ने भी इराक स्थित अमरीकी सैन्य ठिकानों पर बड़ा मिसाइल हमला किया।